हरियाणा में भीषण हादसा, तीन वाहन टकराए, 3 की मौत

बहादुरगढ़ के सिलोठी गांव के पास KMP एक्सप्रेसवे पर तीन कैंटरों की भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

हरियाणा में भीषण हादसा, तीन वाहन टकराए, 3 की मौत

सिलोठी के पास तीन कैंटर आपस में भिड़े, तीन लोगों की मौके पर मौत
एक कैंटर डिवाइडर से टकराया, पीछे से आए दो वाहन भी भिड़े
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस, हादसे के कारणों की जांच शुरू


बहादुरगढ़/झज्जर। कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। बहादुरगढ़ के गांव सिलोठी के पास तीन कैंटरों की आपस में टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।

हादसे के बाद एंबुलेंस में रखा शव।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक्सप्रेसवे पर चल रहा एक कैंटर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे दो अन्य कैंटर समय रहते ब्रेक नहीं लगा सके और आगे वाले वाहन से जा भिड़े। लगातार हुई टक्करों के कारण तीनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हालांकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ नागरिक अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया गया।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर मृतकों में दो कैंटर चालक और एक पैदल राहगीर शामिल होने की आशंका है। हालांकि अभी तक किसी भी मृतक की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतकों के पास मिले मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात दोबारा सुचारु करा दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच और तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।