'पत्नी ने पति का प्राइवेट पार्ट दबाकर मार डाला', संगीन आरोप, जानें क्या है पूरा मामला
बेगूसराय में इंडसइंड बैंक कर्मी राजीव कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पिता ने बहू पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पत्नी हिरासत में है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
■ किराए के घर के बरामदे में संदिग्ध हालत में मिला बैंक कर्मी का शव
■ पिता ने बहू पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया
■ पत्नी हिरासत में, FSL जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
बिहार के बेगूसराय जिले के सिंघौल थाना क्षेत्र स्थित इटवा मोहल्ला में प्राइवेट बैंक कर्मी की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मृतक की पहचान राजीव कुमार (30) के रूप में हुई है, जो IndusInd Bank में कार्यरत थे और पत्नी व छोटे बच्चे के साथ किराए के मकान में रहते थे।
इस मामले में सबसे अहम और सनसनीखेज पहलू मृतक के पिता द्वारा लगाया गया गंभीर आरोप है। पिता रामाशीष सिंह का दावा है कि उनकी बहू ने उनके बेटे की हत्या की है। उन्होंने आरोप लगाया कि बहू ने उसके शरीर के निजी अंग को दबाकर उसे मार डाला। हालांकि, इस आरोप की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने इसे जांच के दायरे में रखा है।
पिता का कहना है कि शादी के बाद से ही दंपती के बीच विवाद रहता था। उनका आरोप है कि बहू अक्सर झगड़ा करती थी और पहले भी राजीव के साथ मारपीट कर चुकी थी। उन्होंने बताया कि एक बार बेटे का सिर फोड़ दिया गया था, जिससे नाक और कान से खून बहा और टांके लगाने पड़े थे। पिता का यह भी कहना है कि राजीव कई बार कह चुका था कि उसकी जान को खतरा है।
दूसरी ओर, पत्नी पूर्वी (30) ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि वह अपने पति की हत्या क्यों करेंगी। उन्होंने पलटकर ससुराल पक्ष पर ही प्रताड़ना और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पत्नी के भाई चंदन के अनुसार, घटना की रात राजीव शराब पीकर आए थे और सामान्य विवाद के बाद बाहर चले गए। कुछ देर बाद बरामदे में गिरे मिले और गले में गमछा था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मामला आत्महत्या है या सोची-समझी हत्या, यह जांच के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल पूरे इलाके में घटना को लेकर चर्चा और तनाव का माहौल है।
Akhil Mahajan