सोनीपत में भिगान टोल पर ट्रक ड्राइवरों का हंगामा, दो घंटे जाम

सोनीपत के नेशनल हाईवे 44 स्थित भिगान टोल पर ट्रक चालकों ने ओवरलोड शुल्क वसूली के विरोध में जाम लगाया। दो घंटे तक हाईवे ठप रहा, पुलिस हस्तक्षेप के बाद जाम खुला।

सोनीपत में भिगान टोल पर ट्रक ड्राइवरों का हंगामा, दो घंटे जाम

➤ सोनीपत के नेशनल हाईवे 44 पर भिगान टोल पर ट्रक ड्राइवरों का हंगामा
➤ ओवरलोड बताकर अतिरिक्त शुल्क वसूली का आरोप, विरोध में जाम लगाया
➤ दो घंटे जाम के बाद पुलिस के हस्तक्षेप से खुला नेशनल हाईवे


हरियाणा के सोनीपत से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे 44 पर स्थित भिगान टोल एक बार फिर विवादों में आ गया है। गुरुवार को ट्रक ड्राइवरों ने टोल कर्मचारियों पर मनमानी और अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया। उनका कहना था कि टोल से गुजरते समय ट्रक को ओवरलोड बताकर अतिरिक्त शुल्क वसूला गया, जबकि ट्रक में केवल 10 टन सामान था।

इस कार्रवाई से नाराज ट्रक ड्राइवरों ने टोल के सामने ही अपने वाहन खड़े कर दिए। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में ट्रक चालक इकट्ठा हो गए और टोल प्लाजा पर हंगामा शुरू कर दिया। अचानक बढ़ती भीड़ और गुस्से को देख टोल कर्मचारी बूथ छोड़कर भाग गए

लगभग दो घंटे तक टोल पर जाम की स्थिति बनी रही। नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। लंबा जाम लगने से आम यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया। पुलिस अधिकारियों ने ट्रक ड्राइवरों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद धीरे-धीरे जाम को खुलवाया गया और हाईवे पर यातायात सामान्य हुआ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भिगान टोल पर अक्सर ऐसे विवाद सामने आते रहते हैं और प्रशासन को इस पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।