शादीशुदा बहन के साथ लिवइन में रह रहा था तो जिम ट्रेनर भाई ने कर दी ह*त्‍या, जानें पूरा मामला

भिवानी के धनाना गांव में पेंटर रिंकू की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। लिव-इन रिलेशन से नाराज महिला के भाई ने ससुरालवालों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

शादीशुदा बहन के साथ लिवइन में रह रहा था तो जिम ट्रेनर भाई ने कर दी ह*त्‍या, जानें पूरा मामला

• भिवानी के धनाना गांव में पेंटर रिंकू की हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार
• महिला के जिम ट्रेनर भाई राहुल निकला मास्टरमाइंड, इज्जत के नाम पर साजिश
• लिव-इन रिलेशनशिप से नाराज मायका और ससुराल, मिलकर रची गई हत्या की योजना



भिवानी के धनाना गांव में पेंटर-मिस्त्री रिंकू की हत्या के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश उस महिला के जिम ट्रेनर भाई ने रची थी, जिसके साथ रिंकू लिव इन रिलेशनशिप में रहा था। महिला पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों की मां है।

पुलिस के अनुसार महिला का मायका और ससुराल दोनों ही इस रिश्ते से नाराज थे। इसी नाराजगी ने धीरे-धीरे खतरनाक रूप ले लिया। महिला के भाई राहुल ने बहन के ससुरालवालों के साथ मिलकर रिंकू को रास्ते से हटाने की साजिश रची। महिला झज्जर जिले के एक गांव की रहने वाली है, जबकि उसकी शादी भिवानी के गांव में हुई थी, जो धनाना के पास स्थित है।

जांच में पता चला है कि रिंकू ने कुछ साल पहले महिला के घर पर पेंट और मिस्त्री का काम किया था। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे रिश्ता गहरा हो गया। हालात ऐसे बने कि महिला अपने बच्चों को छोड़कर रिंकू के साथ रहने लगी।

महिला के ससुराल और मायके वालों ने इस रिश्ते का कड़ा विरोध किया। कई बार पंचायतें भी हुईं। दबाव बढ़ने पर महिला कुछ महीनों बाद अपने ससुराल लौट गई। इसके बाद रिंकू और महिला के ससुरालवालों के बीच झगड़ा हो गया, जो झज्जर कोर्ट तक पहुंचा और मामला विचाराधीन रहा।

कोर्ट में पेशी के दौरान रिंकू की महिला के मायके वालों से भी मुलाकात हुई। इसी के बाद रंजिश और बढ़ गई। पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश में हत्या की साजिश तैयार की गई। महिला के भाई राहुल ने अपने दोस्तों और भिवानी में बहन के ससुरालवालों को इस प्लान में शामिल किया।

रिंकू के भाई संजय कुमार ने बताया कि 5 दिसंबर की शाम करीब 8 बजे रिंकू पड़ोसी सुनील के घर बैठा था। इसी दौरान विक्की नाम के व्यक्ति की वॉट्सएप कॉल आई, जिसने उसे बाहर बुलाया। रिंकू ने मना कर दिया और घर लौट आया।

रात करीब सवा 9 बजे दोबारा कॉल आई। इस बार रिंकू बात करते हुए घर से बाहर निकल गया और कहा कि 20 मिनट में लौट आएगा। लेकिन रात 10 बजकर 23 मिनट पर सुनील के फोन पर कॉल आई, जिसमें बताया गया कि रिंकू का एक्सीडेंट हो गया है और वह बड़ेसरा मोड़ पर पड़ा है।

परिजन जब मौके पर पहुंचे तो सच्चाई सामने आ गई। रिंकू की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की गई थी। आरोपियों ने हत्या को एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की। घायल रिंकू को पहले भिवानी सिविल अस्पताल और फिर रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस मामले में थाना सदर भिवानी में 6 दिसंबर को भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 190, 191(2), 191(3) और 103(1) के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि अभी तक महिला की प्रत्यक्ष भूमिका सामने नहीं आई है, लेकिन जांच जारी है।