भिवानी में शराब ठेके पर युवक की पीट-पीटकर हत्या
हरियाणा के भिवानी जिले के गांव पुर में शराब ठेके पर युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। ठेकेदार और सेल्समैन पर हत्या का आरोप है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है।
➤ भिवानी जिले के गांव पुर में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या
➤ शराब ठेके पर झगड़े के बाद ठेकेदार और सेल्समैन पर हत्या का आरोप
➤ घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत, पुलिस ने जांच शुरू की
हरियाणा के भिवानी जिले में एक दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। जिले के गांव पुर में एक 34 वर्षीय युवक अजीत की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना उस वक्त हुई, जब अजीत गांव के शराब ठेके पर शराब लेने गया था। वहां मामूली कहासुनी झगड़े में बदल गई और देखते ही देखते ठेकेदार व सेल्समैन ने अजीत पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में अजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की खबर मिलते ही भिवानी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मृतक अजीत पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। वह अविवाहित था और भेड़-बकरी पालन का काम करता था। परिवार का कहना है कि अजीत का किसी से कोई पुराना झगड़ा नहीं था, लेकिन शराब ठेके पर किसी बात को लेकर ठेकेदार और सेल्समैन से विवाद हो गया था।
परिजनों ने बताया कि झगड़े की जानकारी मिलते ही अजीत का बड़ा भाई मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक ठेकेदार और उसके साथी डंडों से अजीत की बेरहमी से पिटाई कर चुके थे। भाई ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसके सामने ही अजीत को फिर से पीटा।
अस्पताल में इलाज के दौरान जब अजीत की मौत हुई, तो परिजनों ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने से पहले पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचने में देर कर दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author1