हेलीकॉप्टर से दुल्हन की विदाई
भिवानी के तलवानी गांव में पहली बार दुल्हन की हेलीकॉप्टर से विदाई हुई। MBA पास दंपति का सपना पूरा करने के लिए परिवार ने पूरी प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की।
-
भिवानी के तलवानी गांव से पहली बार दुल्हन की हेलीकॉप्टर से विदाई
-
दूल्हा-दुल्हन दोनों का बचपन का सपना हुआ पूरा
-
MBA पास दंपति हैदराबाद की कंपनी में करते हैं नौकरी
हरियाणा के भिवानी जिले के सिवानी क्षेत्र के तलवानी गांव में रविवार को एक अनोखी विदाई देखने को मिली। गांव में पहली बार किसी बेटी की विदाई हेलीकॉप्टर से हुई, जिसे देखने के लिए हजारों ग्रामीण मैदान में उमड़ पड़े।
तलवानी निवासी जिले सिंह भाटीवाल और सुमित्रा देवी की बेटी ममता वर्मा का विवाह राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के ढाणी राईकान निवासी हितेश वर्मा से हुआ। विवाह समारोह तलवानी गांव में ही संपन्न हुआ।
विदाई के दौरान जब हेलिकॉप्टर गांव के मैदान में उतरा तो ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखा। दूल्हा-दुल्हन साथ में हेलीकॉप्टर में बैठे और अपने नए जीवन की शुरुआत उड़ान के साथ की।
ममता के चाचा जागेराम वर्मा ने बताया कि दूल्हा-दुल्हन का सपना था कि उनकी विदाई हेलीकॉप्टर से हो। इसी को पूरा करने के लिए परिवार ने सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी की थीं। उन्होंने बताया कि दूल्हा विवाह में भी हेलीकॉप्टर से आने वाले थे, लेकिन प्रशासनिक अनुमति न मिलने के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया।
जागेराम वर्मा ने बताया कि ममता और हितेश दोनों ने MBA किया है और दोनों हैदराबाद की एक कंपनी में कार्यरत हैं। तलवानी गांव में ऐसी अनोखी विदाई पहली बार हुई है, जिसके कारण यह शादी गांव और आसपास के क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
Author1