चंबा के चुराह में ऑल्टो कार गहरी खाई में गिरने से चार लोगों की मौके पर मौत
हिमाचल के चंबा जिले के चुराह में ऑल्टो कार गहरी खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
चंबा के चुराह में ऑल्टो कार गहरी खाई में गिरने से चार लोगों की मौके पर मौत
बैरा स्यूल नदी में गिरी कार, राहत-बचाव अभियान चलाकर शव निकाले गए
लगातार दूसरे दिन चंबा में बड़ा सड़क हादसा, क्षेत्र में शोक की लहर
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा चुराह उपमंडल के नकरोड़-हिमगिरि मार्ग पर डैम साइड क्षेत्र के पास हुआ, जहां एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिरते हुए बैरा स्यूल नदी में जा समाई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर HP44A-0494 है। हादसे की जानकारी रविवार सुबह उस समय मिली, जब स्थानीय लोगों ने खाई में गिरी कार को देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद खाई से शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोग चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत टिकरीगढ़ के निवासी थे। फिलहाल मृतकों की पहचान और अन्य औपचारिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले भी भरमौर विधानसभा क्षेत्र के उरेई-समरा सड़क मार्ग पर एक ऑल्टो कार गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हुई थी। लगातार दूसरे दिन हुए इन दो बड़े सड़क हादसों ने पूरे चंबा जिले को गमगीन कर दिया है।
pooja