युवक की 5 गोलियां मारकर हत्या: सवा महीने पहले शादी, गैंगवार का शक, लॉरेंस–गोल्डी के साथ फोटो वायरल

चंडीगढ़ में 5 गोलियां मारकर युवक इंद्रप्रीत पैरी की हत्या। सवा महीने पहले शादी हुई थी। लॉरेंस–गोल्डी के साथ फोटो वायरल, गैंगवार का शक, पुलिस जांच में जुटी।

युवक की 5 गोलियां मारकर हत्या: सवा महीने पहले शादी, गैंगवार का शक, लॉरेंस–गोल्डी के साथ फोटो वायरल
  • चंडीगढ़ में युवक की 5 गोलियां मारकर हत्या

  • सवा महीने पहले हुई थी शादी, पिता इंस्पेक्टर रहे

  • लॉरेंस–गोल्डी के साथ फोटो वायरल, गैंगवार का शक


चंडीगढ़। सोमवार देर शाम चंडीगढ़ के सेक्टर-26 टिंबर मार्केट में कार सवार युवक इंद्रप्रीत सिंह उर्फ पैरी की 5 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। पैरी अपनी किया कार में जिम जा रहा था, तभी एक क्रेटा कार में आए तीन बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सभी गोलियां उसके शरीर में लगीं। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत PGI पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

वारदात के बाद मौके पर जांच करती पुलिस टीम, इसी सफेद रंग की किया कार में इंद्रप्रीत पैरी सवार था। पुलिस ने गोलियों के खोल के निशान को मार्क किया है।

वारदात के तुरंत बाद चंडीगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और मोहाली-पंचकूला सीमा सील कर नाकाबंदी कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोल बरामद किए और CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

इंद्रप्रीत पैरी की छाती में दिख रहा गोली का निशान, इसी से उसकी मौत होने की संभावना जताई जा रही है।

मृतक इंद्रप्रीत पैरी, सेक्टर-33 चंडीगढ़ का रहने वाला था। वह PU इलेक्शन में एक्टिव रहता था और SOPU का नेता रह चुका था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ 12 आपराधिक केस दर्ज हैं और वह जमानत पर बाहर था। पैरी के पिता पंजाब पुलिस में सब इंस्पेक्टर रह चुके हैं। करीब सवा महीने पहले 19 अक्टूबर को ही उसकी शादी हुई थी। परिवार में माता-पिता, बड़ा भाई व पत्नी हैं।

वारदात के बाद मौके पर जांच करने के लिए पहुंची पुलिस।

कत्ल के बाद सोशल मीडिया पर पैरी की कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के साथ फोटो वायरल हो गईं। पुलिस को शक है कि हत्या में गैंगवार एंगल जुड़ा हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी गैंग की आधिकारिक भूमिका की पुष्टि नहीं की है।

इंद्रप्रीत SOPU का नेता रहा है। वह आल कॉलेज चेयरमैन का इलेक्शन भी लड़ चुका है।

SSP कंवरदीप कौर ने कहा कि हमलावरों की पहचान की जा रही है। पुलिस की कई टीमें तैनात हैं और जल्द गिरफ्तारियां होंगी।