देहरादून में गोलीकांड, रिटायर्ड ब्रिगेडियर की हत्या
देहरादून में मॉर्निंग वॉक के दौरान रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल उठ गए हैं।
■ देहरादून में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली मारकर हत्या
■ सुबह की सैर के दौरान बदमाशों की फायरिंग में गई जान
■ दिनदहाड़े हत्या से कानून व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक रिटायर्ड आर्मी ब्रिगेडियर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात सोमवार सुबह राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में हुई, जहां रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे।
जानकारी के अनुसार, घटना मसूरी रोड पर मालसी के पास हुई। यहां दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो एन में सवार लोगों के बीच रास्ता देने को लेकर विवाद हो गया। मामूली कहासुनी के बाद मामला अचानक हिंसक हो गया और स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर का पीछा करना शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि पीछा करते हुए स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर को रोकने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग की। इसी दौरान चली एक गोली सड़क किनारे टहल रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर को जा लगी। गंभीर रूप से घायल ब्रिगेडियर मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और दोनों गाड़ियों की पहचान के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस दिनदहाड़े हुई हत्या ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम नागरिकों में दहशत का माहौल है और लोग सड़कों पर बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता जता रहे हैं।
Akhil Mahajan