नन्दानगर में जूनून संस्था का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 1500 से अधिक लोगों को मिला लाभ

चमोली के नन्दानगर क्षेत्र में जूनून चैरिटेबल संस्था, दिल्ली द्वारा एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। 1500 से अधिक लोगों ने जांच कराई, जिलाधिकारी गौरव कुमार ने पहल की सराहना की और डॉक्टरों की टीम को धन्यवाद दिया।

नन्दानगर में जूनून संस्था का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 1500 से अधिक लोगों को मिला लाभ

नन्दानगर में जूनून संस्था ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
1500 से अधिक लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण, राहत की सांस ली
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने की पहल की सराहना, डॉक्टरों की टीम को धन्यवाद दिया


चमोली जिले के सीमांत नन्दानगर क्षेत्र में शनिवार को स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी पहल देखने को मिली, जब जूनून चैरिटेबल संस्था, दिल्ली द्वारा एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। हाल ही में आपदा से प्रभावित इस क्षेत्र के लोगों के लिए यह शिविर संबल लेकर आया। दूरस्थ गांवों से आए 1500 से अधिक ग्रामीणों ने विभिन्न रोगों का परीक्षण करवाकर चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक भूपाल राम टम्टा ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि आपदा के बाद इस तरह की पहल प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी राहत है। इस शिविर में जहां मरीजों को निःशुल्क परामर्श और उपचार प्रदान किया गया, वहीं दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी बांटी गईं।

जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत पंवार ने शिविर स्थल का निरीक्षण किया और संस्था के डॉक्टरों व टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का पहुंचना अत्यंत आवश्यक है। इस तरह की सामाजिक पहलें न केवल जरूरतमंदों को राहत देती हैं, बल्कि प्रशासन के लिए भी प्रेरणास्रोत बनती हैं।

स्वास्थ्य शिविर में देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों से आए 28 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों की जांच की। इसमें बाल रोग, हृदय रोग, अस्थि रोग, दंत रोग, स्त्री रोग सहित कई विभागों के विशेषज्ञ शामिल थे। रोगियों की ईसीजी, लिवर टेस्ट, शुगर टेस्ट, बोन डेंसिटी टेस्ट, बी.पी. आदि अनेक जांचें पूरी तरह निःशुल्क की गईं।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. गिरीश वैष्णव ने बताया कि संस्था पिछले 25 वर्षों से चमोली जनपद में इस तरह के शिविर आयोजित कर रही है और हर वर्ष करीब 2000 लोगों को लाभ पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में भी अब शुगर, हाइपरटेंशन, फैटी लिवर जैसी बीमारियां बढ़ रही हैं, जो स्वास्थ्य चिंता का कारण है।\

स्थानीय नागरिकों ने भी इस आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली और देहरादून जैसे बड़े शहरों के विशेषज्ञ डॉक्टरों का यहां पहुंचना बड़ी राहत है। ऐसे शिविर ग्रामीण इलाकों के लिए जीवनरेखा साबित हो रहे हैं। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख हिमा देवी, डॉ. सौरभ वैष्णव, कृपाल बिष्ट, राकेश डिमरी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष हिमानी वैष्णव, एसडीएम आर.के. पाण्डेय समेत अनेक अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।