हाईवे किनारे खड़ी कार में दिल्ली पुलिसकर्मी का शव मिला
रोहतक के सांपला में हाईवे किनारे खड़ी कार से दिल्ली पुलिस कांस्टेबल सुधीर का शव मिला। पुलिस दम घुटने की आशंका जता रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
हाईवे किनारे खड़ी कार में दिल्ली पुलिसकर्मी का शव मिला
2 दिन की ड्यूटी के बाद घर लौटते समय हुआ हादसा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असली वजह होगी साफ
रोहतक में कार के अंदर मिली दिल्ली पुलिसकर्मी की लाश, जांच में जुटी पुलिस
हरियाणा के रोहतक जिले के सांपला क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब हाईवे किनारे खड़ी एक कार के अंदर दिल्ली पुलिस के जवान का शव मिला। घटना कनक ढाबे के सामने की बताई जा रही है, जहां राहगीरों ने कार में व्यक्ति को अचेत अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सांपला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार की जांच शुरू की। पुलिस को कार की ड्राइविंग सीट पर एक व्यक्ति का शव मिला। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं।
मृतक की पहचान झज्जर जिले के आसौदा गांव निवासी सुधीर (36) के रूप में हुई है। वह दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे और वर्तमान में आदर्श नगर थाने में कार्यरत थे।
दो दिन से विशेष ड्यूटी पर थे तैनात
परिजनों के अनुसार सुधीर पिछले दो दिनों से दिल्ली में विशेष ड्यूटी पर थे। उनकी ड्यूटी जंतर-मंतर पर आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान लगाई गई थी। लंबे समय तक ड्यूटी के चलते वह घर नहीं लौट पाए थे।
रविवार शाम को सुधीर की परिवार से बातचीत हुई थी और उन्होंने घर आने की बात कही थी। लेकिन रात करीब 11 बजे के बाद उनका मोबाइल संपर्क टूट गया। इसके बाद परिवार पूरी रात उन्हें तलाशता रहा और परिचितों से संपर्क करता रहा, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
सुबह हाईवे किनारे खड़ी मिली कार
सोमवार सुबह करीब 7 बजे सांपला के पास कनक ढाबे के सामने हाईवे किनारे खड़ी एक आई-20 कार दिखाई दी। स्थानीय लोगों ने कार के अंदर व्यक्ति को देखा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची तो सुधीर का शव ड्राइविंग सीट पर मिला। कार के सभी शीशे बंद थे और सीट आराम की स्थिति में पीछे की ओर झुकी हुई थी। इसी आधार पर पुलिस दम घुटने की आशंका जता रही है।
परिवार ने बताया पूरी तरह स्वस्थ थे
परिजनों का कहना है कि सुधीर पूरी तरह स्वस्थ थे और उन्हें किसी प्रकार की गंभीर बीमारी नहीं थी। परिवार का दावा है कि वह नियमित रूप से अपनी ड्यूटी करते थे और स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या नहीं थी।
सुधीर अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में मां, पत्नी, 13 वर्षीय बेटी आन्या और 6 वर्षीय बेटा विहान हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला दम घुटने से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
वहीं सांपला थाना प्रभारी प्रदीप ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया गया है।
pooja