हरियाणा: कल होने वाली नीट परीक्षा को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की तैयारी पूरी, मॉक ड्रिल कर सुरक्षा का लिया जायजा
रोहतक में 21 जून को होने वाली NEET परीक्षा के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 17 केंद्रों पर 5307 विद्यार्थी परीक्षा देंगे, सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
रोहतक में 21 जून को 17 केंद्रों पर 5307 विद्यार्थी देंगे NEET परीक्षा
नकल रोकने के लिए मॉक ड्रिल, CCTV और भारी पुलिस बल रहेगा तैनात
पहली बार परीक्षा केंद्रों की छतों पर भी पुलिस कर्मी रखेंगे निगरानी
रोहतक में NEET परीक्षा की तैयारियां पूरी: 17 केंद्रों पर 5307 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, छतों पर भी तैनात रहेगी पुलिस
रोहतक में 21 जून को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकल रहित तरीके से संपन्न कराने के लिए शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला शिक्षा अधिकारी मंजीत मलिक ने बताया कि जिले में कुल 17 परीक्षा केंद्रों पर 5307 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा संचालन और निगरानी के लिए दो कंट्रोल सेंटर स्थापित किए गए हैं। इनमें एक पीएम श्री स्कूल, दिल्ली बाईपास और दूसरा जवाहरलाल नवोदय विद्यालय, घुसकानी में बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से आयोजित कराने के लिए सभी जरूरी प्रबंध पूरे कर लिए हैं। साथ ही विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि छात्र बिना किसी डर और तनाव के परीक्षा दें तथा अपनी तैयारी और मेहनत पर भरोसा रखें।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रशासन ने पहली बार परीक्षा केंद्रों की छतों पर भी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए 100 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू करने का निर्णय लिया है। इस अवधि में अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही और भीड़ एकत्रित करने पर रोक रहेगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का दावा है कि इस बार परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
वहीं पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने कहा कि पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट है और प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाएगी।
pooja