दिल्ली–रोहतक रेल मार्ग पर आज 7 घंटे 30 मिनट का मेगा ब्लॉक, इन रूट की 13 ट्रेनें रद्द

दिल्ली–रोहतक रेल मार्ग पर आज मेगा ब्लॉक के कारण 13 ट्रेनें रद्द और कई बदले मार्ग से चलेंगी। बहादुरगढ़–आसौदा सेक्शन 7.5 घंटे बंद रहेगा। यात्रियों को परेशानी होगी।

दिल्ली–रोहतक रेल मार्ग पर आज 7 घंटे 30 मिनट का मेगा ब्लॉक, इन रूट की 13 ट्रेनें रद्द

  • बहादुरगढ़–आसौदा सेक्शन बंद, 13 ट्रेनें रद्द और कई आंशिक रूप से प्रभावित

  • बराही–सांखौल रेलवे फाटक 20 नवंबर तक बंद, लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा


झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में दिल्ली–रोहतक रेल मार्ग पर आज बड़ा मेगा ब्लॉक लगाया गया है। शकूर बस्ती–भटिंडा रेल लाइन पर बराही–सांखौल फाटक के पास ड्रेन के पुल नंबर 62 पर आरसीसी स्लैब रखने के लिए सुबह 10:15 बजे से शाम 5:45 बजे तक बहादुरगढ़–आसौदा सेक्शन में कुल 7 घंटे 30 मिनट तक रेल यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।

यह ब्लॉक गाड़ी संख्या 20424 पातालकोट एक्सप्रेस और 20409 दिल्ली सराय रोहिल्ला–भटिंडा इंटरसिटी के बहादुरगढ़ से गुजरने के बाद शुरू होगा। रेलवे विभाग के अनुसार मेगा ब्लॉक के कारण आज 13 ट्रेनें बंद रहेंगी, जबकि कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। इससे रेल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है और उन्हें मेट्रो या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।

प्रतीकात्मक फोटो।

पुल नंबर 62 पर चल रहे काम के चलते बराही–सांखौल रेलवे फाटक को 20 नवंबर तक बंद कर दिया गया है। इससे आसौदा, बराही, सांखौल समेत आसपास के गांवों के लोगों को कई किलोमीटर लंबा चक्कर लगाकर आवाजाही करनी पड़ रही है। ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और दफ्तर जाने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फाटक बंद होने से रोजाना कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। पिछले दिनों आकस्मिक ब्लॉक के बाद यात्रियों को भारी दिक्कत हुई थी। इस बार दिल्ली–रोहतक दैनिक रेल यात्री समिति की मांग पर रेलवे ने अग्रिम सूचना जारी कर दी है। हालांकि मेट्रो के पास अतिरिक्त ट्रेनें न होने के कारण ब्रिगेडियर होशियार सिंह से कीर्ति नगर तक फ्रीक्वेंसी बढ़ाने की मांग पूरी नहीं हो सकी।

आज जिन ट्रेनों को रद्द किया गया है, उनमें 64912 ईएमयू रोहतक–दिल्ली, 54032 डीजे पैसेंजर, 64932 जींद–दिल्ली ईएमयू, 64915 ईएमयू दिल्ली–रोहतक, 54031 दिल्ली–जींद पैसेंजर, 14323/24 बरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस दोनों दिशाओं में, 54035 जाखल पैसेंजर और 64931 दिल्ली–जींद ईएमयू शामिल हैं।

इसके अलावा मार्ग परिवर्तित ट्रेनों में 19 नवंबर को 14732 किसान एक्सप्रेस और 12482 इंटरसिटी एक्सप्रेस केवल रोहतक तक आएंगी। इसी तरह 14731 किसान एक्सप्रेस और 12481 इंटरसिटी एक्सप्रेस रोहतक से ही अपनी यात्रा शुरू करेंगी।

गाड़ी संख्या 16032 अंडमान एक्सप्रेस गोहाना–सोनीपत होकर नई दिल्ली जाएगी और वापस रोहतक नहीं आएगी। अवध–आसाम एक्सप्रेस को शकूर बस्ती–घेवरा के बीच 50 मिनट तक रोका जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें ताकि असुविधा से बचा जा सके।