दिलजीत दोसांझ और लुधियाना मेयर को बम से उड़ाने की धमकी, निगम कमिश्नर की मेल पर आया धमकी भरा ईमेल, पंजाब में हड़कंप

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ और लुधियाना मेयर इंदरजीत कौर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। निगम कमिश्नर की मेल पर आए ईमेल के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

दिलजीत दोसांझ और लुधियाना मेयर को बम से उड़ाने की धमकी,  निगम कमिश्नर की मेल पर आया धमकी भरा ईमेल, पंजाब में हड़कंप
  • दिलजीत दोसांझ और लुधियाना मेयर को बम धमाके की धमकी
  • निगम कमिश्नर की सरकारी मेल पर आया धमकी भरा ईमेल
  • मेयर कैंप ऑफिस की सुरक्षा बढ़ी, पुलिस जांच में जुटी

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ और लुधियाना की मेयर इंदरजीत कौर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पंजाब में हड़कंप मच गया है। धमकी भरा ईमेल सोमवार सुबह निगम कमिश्नर की सरकारी मेल आईडी पर भेजा गया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार यह ईमेल सुबह करीब 7:28 बजे भेजा गया। मेल में लिखा गया कि मेयर इंदरजीत कौर और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के घर पर बम धमाका किया जाएगा। ईमेल में मेयर के घर पर 1:11 बजे धमाका करने की चेतावनी दी गई, जबकि दिलजीत दोसांझ के गांव स्थित घर पर 6 जून रात 9:11 बजे ब्लास्ट करने की धमकी दी गई है।

धमकी भरे मेल में कथित तौर पर खालिस्तान नेशनल आर्मी, इंजीनियर गुरनख सिंह, रूकन शाहवाल, डॉक्टर गुरनिवैर सिंह और खान रजादा जैसे नामों का जिक्र किया गया है। हालांकि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मेल की सत्यता और स्रोत की जांच कर रही हैं।

ईमेल सामने आने के बाद मेयर कैंप ऑफिस की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ साइबर टीम को भी जांच में लगाया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और हर पहलू से जांच जारी है।

सूत्रों के अनुसार पुलिस ईमेल भेजने वाले की लोकेशन और तकनीकी डिटेल्स खंगाल रही है। वहीं सुरक्षा एजेंसियां दिलजीत दोसांझ और मेयर इंदरजीत कौर के आवास के आसपास भी निगरानी बढ़ा रही हैं।

इस घटना के बाद राजनीतिक और मनोरंजन जगत में भी चिंता का माहौल बन गया है। फिलहाल पुलिस की ओर से लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की गई है।