दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के फार्म हाउस पर फायरिंग की सूचना से हड़कंप
करनाल में दिलजीत दोसांझ के मैनेजर गुरप्रताप कांग के फार्म हाउस पर फायरिंग की सूचना के बाद पुलिस जांच में जुटी है। सोशल मीडिया पोस्ट में लॉरेंस गैंग ने जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।
दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के फार्म हाउस पर फायरिंग की सूचना से हड़कंप
सोशल मीडिया पोस्ट में लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी
पुलिस बोली- मौके पर फायरिंग के पुख्ता सबूत नहीं मिले
हरियाणा के करनाल जिले के निसिंग क्षेत्र में पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के मैनेजर गुरप्रताप सिंह कांग के फार्म हाउस के बाहर फायरिंग की सूचना से देर रात हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही निसिंग थाना पुलिस, एसटीएफ और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की।
यह मामला गांव गोंदर के रणजीत नगर स्थित फार्म हाउस से जुड़ा बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार मौके से गोली के दो खाली खोल बरामद किए गए हैं। बताया गया कि एक गोली दीवार पर लगी, जबकि दूसरी के निशान भी आसपास मिले हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर फायरिंग की पुष्टि नहीं की है।
निसिंग थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं गांव के पूर्व सरपंच जोगा सिंह ने भी इस पूरे मामले को अफवाह बताया है। उन्होंने कहा कि फार्म हाउस पर मौजूद सभी लोग रात में गेट बंद करके सो रहे थे और पुलिस जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
मंगलवार रात गोंदर-डाचर रोड स्थित फार्म हाउस पर गोली चलने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने करीब एक घंटे तक आसपास के इलाके, फार्म हाउस और ग्रामीणों से पूछताछ की। सूत्रों का दावा है कि इस दौरान दो खोल मिले, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई। मौके पर मौजूद लोगों ने भी पुलिस को बताया कि उन्होंने किसी तरह की फायरिंग की आवाज नहीं सुनी और सभी लोग अपने घरों में मौजूद थे।
इस बीच घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई, जिसमें खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले टायसन बिश्नोई, आरजू बिश्नोई और हैरी बॉक्सर ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। पोस्ट में इसे चेतावनी बताया गया।
हालांकि इस वायरल पोस्ट की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस भी फिलहाल सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही है। समाचार एजेंसियां और स्थानीय प्रशासन भी पोस्ट में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं कर पाए हैं।
वायरल पोस्ट में दिलजीत दोसांझ की टीम पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। साथ ही यह दावा किया गया कि पहले भी कई बार मैसेज के जरिए चेतावनी दी गई थी। पोस्ट में भविष्य में नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इन दावों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
जानकारी के अनुसार, गुरप्रताप कांग इस समय विदेश में हैं। पुलिस ने बताया कि परिवार की ओर से अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हर एंगल से पड़ताल की जा रही है।
pooja