डॉ. अर्चना गुप्ता बनीं हरियाणा भाजपा की नई प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा ने डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर जारी यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
हरियाणा भाजपा ने आखिरकार अपने नए प्रदेशाध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने पानीपत की वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही 43 साल बाद किसी महिला को हरियाणा BJP की कमान सौंपी गई है। इससे पहले वर्ष 1980 में डॉ. कमला वर्मा राज्य की पहली महिला भाजपा अध्यक्ष बनी थीं।
प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद डॉ. अर्चना गुप्ता ने निवर्तमान अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली से मोबाइल पर बातचीत की। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि “ये आपका ही लगाया हुआ पौधा है।”
बड़ौली और असीम गोयल की चर्चा थी
प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए पहले माना जा रहा था कि मोहनलाल बड़ौली को दोबारा मौका मिल सकता है, क्योंकि वह लगातार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ नजर आ रहे थे। बाद में जब बदलाव की चर्चा शुरू हुई तो अंबाला से पूर्व मंत्री असीम गोयल का नाम भी प्रमुखता से सामने आया।
हालांकि आखिर में पार्टी नेतृत्व ने डॉ. अर्चना गुप्ता पर भरोसा जताया। माना जा रहा है कि संगठन और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के साथ उनकी करीबी ने भी अहम भूमिका निभाई।
गोल्ड मेडलिस्ट डॉक्टर हैं अर्चना गुप्ता
डॉ. अर्चना गुप्ता पेशे से रेडियोलॉजिस्ट (MBBS, MD) हैं और उन्होंने पीजीआई रोहतक से एमडी की डिग्री हासिल की है। वह गोल्ड मेडलिस्ट भी रही हैं। उनके पति डॉ. अनिल गुप्ता आई स्पेशलिस्ट हैं और पानीपत में उनका अस्पताल है।
राजनीति में आने से पहले वह विश्व हिंदू परिषद की इंडियन हेल्थ लाइन से जुड़ी रहीं। इसके बाद भाजपा महिला मोर्चा में सक्रिय हुईं।
6 साल में लगातार मिला प्रमोशन
डॉ. अर्चना गुप्ता की राजनीतिक यात्रा बेहद तेजी से आगे बढ़ी।
- 2020 में पानीपत भाजपा जिलाध्यक्ष बनीं
- पानीपत की पहली महिला जिलाध्यक्ष रहीं
- 2023 में प्रदेश महामंत्री बनीं
- अब प्रदेशाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिली
वह पानीपत विधानसभा सीट से टिकट की दावेदार भी रही थीं।
कोरोना काल में खूब की सेवा
एक चिकित्सक होने के नाते डॉ. अर्चना गुप्ता ने कोरोना महामारी के दौरान लोगों की काफी मदद की थी। सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। वह जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार काम करती रही हैं।
अध्यक्ष बनने के बाद क्या बोलीं अर्चना गुप्ता
प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि पार्टी ने उन्हें इस जिम्मेदारी के योग्य समझा, यही सबसे बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हरियाणा में महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है।
उन्होंने कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां महिला शीर्ष नेतृत्व होने के बावजूद महिलाओं को राजनीतिक अवसर नहीं दिए गए, जबकि भाजपा ने आधी आबादी को आगे लाने का काम किया है।
CM सैनी ने दी बधाई
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इससे संगठन में नई ऊर्जा का संचार होगा। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने हरियाणा की बेटियों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।
अर्चना गुप्ता को अध्यक्ष बनाने की 3 बड़ी वजह
1. महामंत्री से अध्यक्ष बनाने की परंपरा
भाजपा लगातार प्रदेश महामंत्री को अध्यक्ष पद पर प्रमोट करती रही है। मोहनलाल बड़ौली और नायब सैनी भी पहले महामंत्री रह चुके हैं।
2. वैश्य समाज का मजबूत समर्थन
वैश्य समाज भाजपा का पारंपरिक और मजबूत वोट बैंक माना जाता है। खासकर शहरी इलाकों में यह वोट निर्णायक भूमिका निभाता है।
3. संगठन और मनोहर लाल की करीबी
अर्चना गुप्ता की संगठन में मजबूत पकड़ मानी जाती है। महिला आरक्षण बिल और महिला संपर्क अभियानों में भी उन्हें बड़ी जिम्मेदारियां दी गई थीं।
- डॉ. अर्चना गुप्ता बनीं हरियाणा भाजपा की नई प्रदेश अध्यक्ष
- भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर हुई नियुक्ति
- अरुण सिंह ने जारी किया आधिकारिक नियुक्ति पत्र
भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार यह अहम नियुक्ति की गई है। इससे हरियाणा भाजपा संगठन में नई राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
इस नियुक्ति से संबंधित आधिकारिक अधिसूचना बुधवार, 28 मई 2026 को जारी की गई। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षरों के साथ जारी पत्र में डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने की जानकारी दी गई है।
पार्टी की ओर से जारी पत्र के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। भाजपा नेतृत्व को उम्मीद है कि डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में हरियाणा में संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
भाजपा संगठन में इस बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी आगामी चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार को ध्यान में रखते हुए लगातार बड़े फैसले ले रही है। ऐसे में डॉ. अर्चना गुप्ता की नियुक्ति को भी उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में इस नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि पार्टी महिला नेतृत्व को मजबूत करने के साथ-साथ हरियाणा में नए सामाजिक समीकरणों को साधने की तैयारी में है।
Akhil Mahajan