इलाज के बहाने ढोंगी बाबा का घिनौना खेल, महिला से दुष्कर्म
जांजगीर-चांपा में ढोंगी बाबा ने इलाज के बहाने महिला से दुष्कर्म किया और अश्लील तस्वीरें वायरल कर ब्लैकमेल किया। आरोपी को हिमाचल से गिरफ्तार किया गया।
- इलाज के बहाने महिला को जाल में फंसाया
- होटल ले जाकर दुष्कर्म, न्यूड फोटो से ब्लैकमेल
- फर्जी इंस्टा आईडी बनाकर तस्वीरें वायरल, आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक ढोंगी बाबा की करतूत ने सनसनी फैला दी है। निर्मल बाबा (60) नाम के आरोपी ने इलाज के बहाने एक महिला को अपने जाल में फंसाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में उसकी अश्लील तस्वीरें लेकर सोशल मीडिया पर वायरल कर ब्लैकमेल करता रहा।
पीड़िता ने 11 अप्रैल 2026 को पामगढ़ थाना में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी खुद को चमत्कारी बताकर इलाके में घूम रहा था और लोगों की बीमारियां ठीक करने का दावा कर रहा था। महिला शरीर में दर्द की समस्या से परेशान थी और अपनी सहेली के साथ उससे मिलने पहुंची।
आरोपी ने महिला को भरोसे में लेकर उसका मोबाइल नंबर ले लिया और कुछ दिनों बाद उसे कॉल कर बाजार बुलाया। वहां उसने ‘प्रसाद’ देकर उसे अपने झांसे में लिया और कहा कि इससे उसकी बीमारी ठीक हो जाएगी। इसके बाद आरोपी महिला को अपने साथ पहले बिलासपुर और फिर मध्यप्रदेश के मैहर ले गया।
मैहर में एक होटल में ठहराकर आरोपी ने इलाज के नाम पर महिला के साथ बार-बार दुष्कर्म किया। इसी दौरान उसने महिला की न्यूड फोटो भी खींच ली। 1 अप्रैल को आरोपी महिला को बिलासपुर में छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद आरोपी लगातार महिला को फोन कर परेशान करता रहा। जब महिला ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, तो आरोपी ने उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी अश्लील तस्वीरें पोस्ट कर दीं और उसे ब्लैकमेल करने लगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई और हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मूल रूप से महाराष्ट्र के नासिक का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत केस दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
Akhil Mahajan