जीजा ने दी बहन को छोड़ने की धमकी, नाबालिग साले ने चाकू से ले ली जान

फरीदाबाद के दुर्गा बिल्डर क्षेत्र में नाबालिग साले ने कथित तौर पर बहन को छोड़ने की धमकी से नाराज होकर अपने जीजा की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा गया।

जीजा ने दी बहन को छोड़ने की धमकी, नाबालिग साले ने चाकू से ले ली जान

बहन को छोड़ने की धमकी से नाराज नाबालिग साले ने जीजा की चाकू मारकर हत्या की

22 वर्षीय जब्बार का शव मिलने के बाद पुलिस ने सुलझाया हत्या का मामला

आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेजा गया


फरीदाबाद के दुर्गा बिल्डर क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक नाबालिग साले ने अपने 22 वर्षीय जीजा जब्बार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी बहन को छोड़ने की धमकी से नाराज था और इसी गुस्से में उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची, जहां एक युवक का शव पड़ा मिला। शव पर चाकू के कई घाव मिले थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।

जांच के दौरान मृतक की पहचान 22 वर्षीय जब्बार के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर जांच शुरू की। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि हत्या मृतक के नाबालिग साले ने की है।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका जीजा उसकी बहन को छोड़ने की धमकी देता था। इसी बात से वह काफी नाराज था। गुस्से में उसने चाकू से हमला कर अपने जीजा की हत्या कर दी।

फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार मृतक के परिजन मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, लेकिन शव अभी परिजनों को नहीं सौंपा गया है। उनके फरीदाबाद पहुंचने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले किया जाएगा।