फरीदाबाद में 3 वर्षीय मासूम की ह*त्या, घर के बेड पर मिला श*व

फरीदाबाद के सूरजकुंड क्षेत्र में 3 वर्षीय मासूम का शव घर में मिला। पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है।

फरीदाबाद में 3 वर्षीय मासूम की ह*त्या, घर के बेड पर मिला श*व

फरीदाबाद में 3 वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या

• माता-पिता घर से बाहर थे, दूसरे कमरे में मौजूद थी मौसी

• पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

फरीदाबाद के सूरजकुंड थाना क्षेत्र स्थित शिव दुर्गा विहार में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक 3 वर्षीय मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। बच्चे का शव घर के अंदर बेड पर मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

कुछ समय पहले ही किराए पर रहने आया था परिवार

जानकारी के अनुसार, शिव दुर्गा विहार के एच ब्लॉक में स्थित एक मकान में सुधा तिवारी अपने परिवार के साथ किराए पर रहती थी। परिवार कुछ समय पहले ही यहां रहने आया था। रविवार सुबह करीब 9 बजे के आसपास घटना होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि इसकी जानकारी करीब 11 बजे सामने आई।

मकान मालिक के अनुसार, घटना के समय बच्चे के माता-पिता घर से बाहर गए हुए थे। वहीं घर के दूसरे कमरे में उसकी मौसी मौजूद थी।

बेड पर मिला मासूम का शव

मकान मालिक सौरभ ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे उन्हें घर के अंदर से रोने की आवाज सुनाई दी। जब वे किराएदार के कमरे तक पहुंचे तो देखा कि 3 वर्षीय शिवम बेड पर पड़ा हुआ था। बच्चे के शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे और काफी खून बह चुका था।

घटना देखकर मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

माता-पिता से पूछताछ जारी

पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्चे की मां मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रहने वाली है। परिवार में मां, उसका सौतेला पति और अन्य सदस्य साथ रहते हैं।

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान बच्चे के माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

परिवार का इकलौता बेटा था शिवम

मकान मालिक के अनुसार, शिवम परिवार का इकलौता बेटा था। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में बच्चे पर किसी धारदार या नुकीली वस्तु से हमला किए जाने की आशंका है। हालांकि हत्या किसने और क्यों की, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।

हर पहलू से जांच कर रही पुलिस

सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रहलाद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पूछताछ और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही घटना के कारणों और जिम्मेदार व्यक्ति के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।