खेलते- खेलते मां की पड़ी चुन्नी गले में लपेटी और बन गया फंदा, दम घुटने से आठ साल के बच्‍चे की मौत

फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी में खेलते समय चुन्नी गले में फंसने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इलाज के दौरान अस्पताल में मासूम ने दम तोड़ दिया।

खेलते- खेलते मां की पड़ी चुन्नी गले में लपेटी और बन गया फंदा, दम घुटने से आठ साल के बच्‍चे की मौत
  • फरीदाबाद में खेलते समय 8 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत
  • चुन्नी में फंसने से घुटा दम, पैर फिसलने से हुआ हादसा
  • इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम, परिवार में कोहराम


हरियाणा के फरीदाबाद जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सारन थाना क्षेत्र की पर्वतीय कॉलोनी में गुरुवार रात खेल-खेल में एक 8 वर्षीय मासूम बच्चे की जान चली गई। घर के भीतर खेलते समय चुन्नी गले में फंसने से बच्चे का दम घुट गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान शुक्रवार तड़के उसकी मौत हो गई।

मृतक बच्चे की पहचान निशांत (8 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पर्वतीय कॉलोनी निवासी दिलीप कुमार का सबसे छोटा बेटा था। दिलीप कुमार होलसेल का काम करते हैं और उनके तीन बच्चे हैं। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि खेल अचानक जानलेवा बन जाएगा।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात दिलीप कुमार अपने कमरे में बैठकर हिसाब-किताब कर रहे थे और निशांत पास में ही खेल रहा था। खेलते-खेलते निशांत ने एक चुन्नी का सिरा खिड़की से बांध लिया और दूसरा सिरा अपने पेट के चारों ओर लपेट लिया। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया, जिससे चुन्नी उसके गले में कस गई और वह कुछ ही पलों में बेहोश हो गया।

जब पिता की नजर बच्चे पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत चुन्नी हटाई और उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने निशांत की हालत बेहद गंभीर बताई और इलाज शुरू किया, लेकिन शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सारन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी दुलीचंद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह दुर्घटनावश हुआ हादसा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को बादशाह खान सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। मासूम की मौत से कॉलोनी में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों पर लगातार नजर रखें और घर में मौजूद ऐसी वस्तुओं से दूर रखें, जो उनके लिए खतरा बन सकती हैं।