6 महीने की गर्भवती पत्नी को पति ने बाल्टी में सिर डुबो-डुबोकर मार डाला, वारदात के बाद हुआ फरार
फरीदाबाद के पल्ला क्षेत्र में 6 महीने की गर्भवती महिला की मौत के मामले में पति पर हत्या का आरोप लगा है। पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही हैं।
➤ फरीदाबाद में 6 महीने की गर्भवती महिला की संदिग्ध हत्या का मामला सामने आया
➤ पति पर हत्या का आरोप, घटना के बाद आरोपी फरार
➤ पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र स्थित पंचशील कॉलोनी पार्ट-2 में एक गर्भवती महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार 6 महीने की गर्भवती नेहा कुमारी मृत अवस्था में मिलीं। परिजनों ने उनके पति अमित गुप्ता पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
मृतका की पहचान नेहा कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार उनकी शादी 30 अप्रैल 2025 को अमित गुप्ता से हुई थी। शादी के बाद दोनों पंचशील कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे थे। नेहा मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली थीं, जबकि अमित उत्तर प्रदेश के हरदोई का निवासी बताया गया है और एक निजी कंपनी में कार्यरत था।
परिजनों के अनुसार बुधवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने नेहा पर हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।
परिवार का यह भी कहना है कि वारदात के बाद आरोपी ने अपने एक रिश्तेदार को फोन कर घटना की जानकारी दी और इसके बाद फरार हो गया। फिलहाल उसका मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
मृतका के जीजा ने बताया कि सुबह से नेहा को कई बार फोन किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। बाद में घटना की सूचना मिलने पर परिवार मौके पर पहुंचा, जहां नेहा मृत मिलीं। उन्होंने आरोप लगाया कि अमित अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर नेहा से विवाद करता था। परिवार ने बताया कि नेहा अपने पहले बच्चे के जन्म को लेकर बेहद उत्साहित थीं और इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
घटना की सूचना मिलने पर पल्ला थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
एसीपी सराय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan