फरीदाबाद में प्रॉपर्टी डीलर की सुसाइड, सुसाइड नोट में लिखा 8 करोड़ गबन

फरीदाबाद के सीकरी में प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार चौधरी ने 14वीं मंजिल से कूदकर जान दी। सुसाइड नोट में पार्टनर संजय शर्मा पर 8 करोड़ और कई लोगों पर लाखों रुपए हड़पने के आरोप लगाए गए। पुलिस जांच कर रही है।

फरीदाबाद में प्रॉपर्टी डीलर की सुसाइड, सुसाइड नोट में लिखा 8 करोड़ गबन

फरीदाबाद में प्रॉपर्टी डीलर ने 14वीं मंजिल से कूदकर जान दी
सुसाइड नोट में लिखा—पार्टनर ने किए 8 करोड़ रुपए का गबन
कई लोगों पर लगाए लाखों हड़पने के आरोप, पुलिस जांच में जुटी



फरीदाबाद के गांव सीकरी स्थित अवदित्य सोसाइटी (Avditya Society) में शनिवार को एक प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार चौधरी ने आत्महत्या कर ली। राजकुमार ने सोसाइटी की 14वीं मंजिल से छलांग लगाई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपने पार्टनर संजय शर्मा पर 8 करोड़ रुपए गबन करने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, राजकुमार चौधरी कई महीनों से अपने परिवार के साथ सीकरी स्थित अवदित्य सोसाइटी में रह रहे थे। इससे पहले वह बल्लभगढ़ की चावला कॉलोनी में रहते थे। शनिवार सुबह करीब 9 बजे वह रोज की तरह पार्क में टहलने गए, और लौटने के बाद आधे घंटे तक घर में बैठे रहे। इसके बाद वह टेरिस पर गए और अचानक छलांग लगा दी।

छलांग लगाते ही वह नीचे खड़ी एक कार पर गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुसाइड नोट में किया खुलासा
राजकुमार के सुसाइड नोट में लिखा है कि उसका पार्टनर संजय शर्मा उसके 8 करोड़ रुपए का हिसाब नहीं दे रहा, जबकि वह एक-एक रुपए के लिए परेशान हो रहा था। राजकुमार ने नोट में यह भी बताया कि उसने पुनीत और विनीत के कहने पर गांव सीकरी में जमीन की GPA उनके नाम कर दी थी, जिसे उन्होंने 1.25 करोड़ रुपए में बेच दिया, लेकिन उसे पैसे नहीं दिए।

इसके अलावा उसने लिखा कि दिनेश सरपंच के खाते में 20 लाख रुपए डलवाए गए, लेकिन उसने भी पैसा नहीं लौटाया। साथ ही फतेहपुर निवासी सब्बीर को डेढ़ साल पहले 19 लाख रुपए दिए थे, जो उसने आज तक नहीं लौटाए।

पुलिस जांच में जुटी
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने कहा कि सुसाइड नोट और वित्तीय लेनदेन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

राजकुमार के परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। बताया जा रहा है कि वह कई महीनों से आर्थिक परेशानियों में थे और व्यवसायिक विवादों से जूझ रहे थे।