बेटी को लेने पहुंचे थे पिता, दामाद ने कुल्‍हाड़ी से कर डाली हत्‍या

फरीदाबाद के छांयसा गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान दामाद ने अपने ससुर गुलाब सिंह पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गुलाब सिंह की बल्लभगढ़ सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

बेटी को लेने पहुंचे थे पिता,  दामाद ने कुल्‍हाड़ी से कर डाली हत्‍या

दामाद ने ससुर पर कुल्हाड़ी से किया हमला, इलाज के दौरान मौत
बेटी को लेने आए थे पिता, घर ले जाने को लेकर हुआ विवाद
नशे में धुत दामाद वारदात के बाद फरार, पुलिस ने केस दर्ज किया



हरियाणा के फरीदाबाद जिले के छांयसा गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां दामाद ने अपने ससुर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल ससुर की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और आरोपी दामाद के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान 55 वर्षीय गुलाब सिंह के रूप में हुई है। मृतक के भाई गुरनाम सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह गुलाब सिंह अपनी बेटी को लेने के लिए छांयसा गांव पहुंचे थे। दरअसल, उनकी बेटी और उसके पति परमजीत के बीच किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर बेटी ने अपने पिता को फोन कर घर बुला लिया था।

बताया जा रहा है कि जब गुलाब सिंह अपनी बेटी को साथ लेकर वापस जाने लगे, तभी इस बात को लेकर उनका अपने दामाद परमजीत के साथ झगड़ा हो गया। परिजनों के अनुसार उस समय आरोपी नशे की हालत में था। इसी दौरान गुस्से में उसने पास में रखी कुल्हाड़ी उठाई और गुलाब सिंह के सिर पर दो बार वार कर दिया

कुल्हाड़ी के वार से गुलाब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिवार के लोग और आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत उन्हें फरीदाबाद के बल्लभगढ़ सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि करीब 24 घंटे तक चले इलाज के बाद शनिवार को उनकी मौत हो गई

परिजनों का कहना है कि आरोपी परमजीत दिहाड़ी मजदूरी करता है और नशा करने का आदी है। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। परिवार ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले में छांयसा थाना के एएसआई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह हुए झगड़े में आरोपी दामाद परमजीत ने अपने ससुर गुलाब सिंह पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।