बिल्डिंग मटेरियल प्लॉट की दीवार गिरने से 12 वर्षीय दिव्या की मौत
फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी में बिल्डिंग मटेरियल प्लॉट की दीवार गिरने से 12 वर्षीय दिव्या की मौत हो गई। महिला समेत कई लोग घायल हुए। पुलिस और प्रशासन जांच में जुटा है।
बिल्डिंग मटेरियल प्लॉट की दीवार गिरने से 12 वर्षीय दिव्या की मौत
दीवार के मलबे में महिला समेत चार बच्चियां दबीं, स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू
जेसीबी से बालू हटाने के दौरान दीवार पर दबाव बनने से हुआ हादसा, प्रशासन जांच में जुटा
फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बच्ची दिव्या की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक बिल्डिंग मटेरियल प्लॉट की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के साथ भारी मात्रा में बालू भी गली में आ गिरा, जिसकी चपेट में एक महिला और चार बच्चियां आ गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्लॉट में जेसीबी मशीन से बालू एक तरफ किया जा रहा था। इसी दौरान दीवार पर अत्यधिक दबाव बना और वह अचानक ढह गई। हादसे के वक्त गली से गुजर रहे लोग संभल भी नहीं पाए और मलबे में दब गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। लोगों ने मलबा हटाकर सभी घायलों को बाहर निकाला और नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय दिव्या ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बताया गया कि दिव्या संजय कॉलोनी की रहने वाली थी और अपनी नानी से मिलने पर्वतीय कॉलोनी स्थित गंगा एन्क्लेव पार्ट-2 आई हुई थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह मुलाकात उसकी जिंदगी की आखिरी साबित होगी।
हादसे में घायल महिला और अन्य बच्चियों का अस्पताल में उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पर्वतीय पुलिस चौकी, मुजेसर थाना पुलिस और एसडीएम त्रिलोक चंद मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में इस हादसे के बाद शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निर्माण सामग्री के प्लॉटों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
pooja