एकतरफा प्यार बना मौ*त की वजह!, स्कूल में लेडी टीचर की ह*त्या
फरीदाबाद में एकतरफा प्रेम के चलते स्कूल परिसर में 25 वर्षीय शिक्षिका संध्या शर्मा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना के कुछ घंटे बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
फरीदाबाद में एकतरफा प्यार के चलते स्कूल के अंदर लेडी टीचर की हत्या
पति का नाम लेकर कक्षा से बाहर बुलाया, गैलरी में चाकू से ताबड़तोड़ हमला
पहले भी छेड़छाड़ की शिकायत हुई थी, वारदात के कुछ घंटे बाद आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद में सोमवार सुबह एक सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। 25 वर्षीय शिक्षिका संध्या शर्मा की एक युवक ने स्कूल परिसर में चाकू से हमला कर हत्या कर दी। प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अमित पिछले करीब एक वर्ष से शिक्षिका से एकतरफा प्रेम करता था। शिक्षिका द्वारा लगातार दूरी बनाए रखने और बातचीत बंद करने से नाराज होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी सोमवार सुबह पूरी तैयारी के साथ स्कूल पहुंचा। उसने अपना चेहरा ढका हुआ था और स्कूल के गेट पर मौजूद महिला सुरक्षाकर्मी से कहा कि संध्या शर्मा को बाहर बुला दें, उनके पति विक्की आए हैं। पति का नाम सुनकर शिक्षिका कक्षा से बाहर आ गईं।
जैसे ही वह स्कूल की गैलरी में पहुंचीं, आरोपी ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। स्कूल में मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने चाकू दिखाकर सभी को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल शिक्षिका को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति विक्की गुर्जर ने बताया कि उनकी पत्नी पहले सिरोही गांव के एक स्कूल में कार्यरत थीं। वहीं आरोपी अमित की उनसे पहचान हुई थी। शुरुआत में सामान्य बातचीत के बाद आरोपी उन्हें लगातार परेशान करने लगा। इस संबंध में पहले पुलिस में छेड़छाड़ की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। उस समय आरोपी ने माफी मांग ली थी, जिसके बाद मामला शांत हो गया।
परिजनों के अनुसार घटना के बाद परेशानी से बचने के लिए संध्या शर्मा ने स्कूल और रहने का स्थान दोनों बदल दिए थे। इसके बावजूद आरोपी उनका पीछा करता रहा और आखिरकार नए स्कूल तक पहुंचकर वारदात को अंजाम दे दिया।
संध्या शर्मा ने प्रेम विवाह किया था। उनके परिवार में पति के अलावा 7 वर्षीय बेटा और 5 वर्षीय बेटी हैं। इस घटना के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया और पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। एवीटीएस सिकरौना और सेक्टर-58 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना के करीब दो घंटे के भीतर आरोपी अमित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
pooja