फरीदाबाद में खाली मैदान में मिला युवक का शव, ह*त्या की आशंका

फरीदाबाद के गाजीपुर इलाके में खाली मैदान में एक अज्ञात युवक का शव मिला। शरीर पर चोटों के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है।

फरीदाबाद में खाली मैदान में मिला युवक का शव, ह*त्या की आशंका

फरीदाबाद के खाली मैदान में मिला अज्ञात युवक का शव

शरीर पर मिले कई गंभीर चोट और चाकू जैसे वार के निशान

हत्या की आशंका, पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

फरीदाबाद जिले के डबुआ थाना क्षेत्र के गाजीपुर इलाके में शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 22 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जबकि घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून भी फैला हुआ था।

प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही डबुआ थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह कुछ युवक और अन्य लोग गाजीपुर के खाली मैदान में सैर और दौड़ लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर मैदान में औंधे मुंह पड़े एक युवक पर पड़ी। युवक के आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

लोगों ने पहले यह जानने की कोशिश की कि युवक जीवित है या नहीं। उन्होंने उसे आवाज लगाई और जांच की, लेकिन युवक में किसी प्रकार की कोई हरकत नहीं हुई। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक ने सफेद रंग की शर्ट और नीले रंग की पैंट पहन रखी थी। उसके चेहरे, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान दिखाई दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक पर किसी नुकीले हथियार या चाकू से कई वार किए गए प्रतीत होते हैं।

मृतक का चेहरा गमछे से ढका हुआ मिला, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस भी इसे संदिग्ध मौत मानकर जांच कर रही है।

स्थानीय निवासी मनीष ने बताया कि सबसे पहले दौड़ लगाने आए युवकों ने शव को देखा था। उन्होंने युवक को उठाने और उसकी स्थिति जानने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मनीष ने बताया कि इस खाली मैदान और आसपास के इलाके में अक्सर लोग शराब पीने के लिए आते हैं। हालांकि मृतक के पास से कोई ऐसी वस्तु बरामद नहीं हुई, जिससे यह पता चल सके कि वह वहां किस कारण से पहुंचा था।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संग्राम दहिया पुलिस टीम, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और विस्तृत जांच की।

पुलिस के अनुसार युवक के शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उसकी हत्या किसी नुकीली वस्तु से हमला कर की गई है। फिलहाल मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

फोरेंसिक जांच पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एनआईटी-3 स्थित ईएसआई अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।