पानी की किल्लत से परेशान लोगों ने दमकोरा रोड किया जाम
टोहाना में पानी की किल्लत से परेशान लोगों ने दमकोरा रोड जाम कर प्रदर्शन किया। विभाग के आश्वासन के बाद करीब आधे घंटे में जाम खोला गया।
टोहाना में पानी की किल्लत से परेशान लोगों ने दमकोरा रोड किया जाम
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ की नारेबाजी
JE के आश्वासन के बाद करीब आधे घंटे में खुला जाम
फतेहाबाद जिले के टोहाना शहर में पीने के पानी की समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार को दमकोरा रोड कॉलोनी के निवासियों ने पानी की किल्लत से परेशान होकर टोहाना-दमकोरा रोड पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सरकार और जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिछले कई दिनों से उनके घरों में पीने का पानी नहीं पहुंच रहा है। नहाने और घरेलू जरूरतों के लिए भी पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग के अधिकारियों ने समस्या का समाधान नहीं किया।
महिलाएं और बच्चे भी सड़क पर बैठकर प्रदर्शन में शामिल हुए। सड़क जाम होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम की सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। लोगों ने साफ कहा कि जब तक पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा।
बाद में जन स्वास्थ्य विभाग के जेई मुख्तार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को जल्द और नियमित पानी सप्लाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब आधे घंटे बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोल दिया।
गौरतलब है कि दो दिन पहले भी वार्ड-16 के निवासियों ने पानी की समस्या को लेकर टोहाना-फतेहाबाद रोड पर करीब सवा घंटे तक जाम लगाया था। उस समय भी विभागीय अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही प्रदर्शन खत्म हुआ था।
पिछले एक सप्ताह में यह दूसरा मौका है जब पानी की समस्या को लेकर लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया है। शहरवासियों का कहना है कि गर्मी शुरू होने से पहले ही विभाग को पानी आपूर्ति व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए थी।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में पीने के पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि बार-बार लोगों को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर न होना पड़े।
pooja