फॉरेस्ट रेंजर के साथ महिला दरोगा और गार्ड ने की मारपीट, दोनों सस्पेंड
कुरुक्षेत्र में फॉरेस्ट रेंजर के साथ महिला दरोगा और गार्ड ने मीटिंग के बाद मारपीट की। दोनों कर्मियों पर FIR दर्ज कर विभाग ने उन्हें सस्पेंड कर दिया।
-
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में फॉरेस्ट रेंजर के साथ महिला दरोगा और गार्ड ने की मारपीट
-
डिप्टी स्पीकर की मीटिंग खत्म होने के बाद ऑफिस में हुआ हमला
-
दोनों आरोपित कर्मी सस्पेंड, FIR दर्ज कर जांच शुरू
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में फॉरेस्ट विभाग के दफ्तर में डिप्टी स्पीकर की मीटिंग के तुरंत बाद हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। यहां विभाग की महिला दरोगा और एक गार्ड ने मिलकर फॉरेस्ट रेंजर की पिटाई कर दी। इस घटना के बाद दोनों कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
घटना 30 अक्टूबर को पिहोवा के रेंज फॉरेस्ट ऑफिस में हुई। रेंजर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि उस दिन डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने SDM ऑफिस में विभागाध्यक्षों की बैठक बुलाई थी, जिसमें सरकारी घोषणाओं पर तेज काम करने के निर्देश दिए गए। बैठक के बाद वे अपने दफ्तर लौटे और अन्य कर्मचारियों के साथ विभागीय कार्यों पर चर्चा करने लगे।
इसी दौरान गार्ड राजू और महिला दरोगा राजबाला अचानक ऑफिस में घुस आए। उन्होंने पहले पर्सनल मिलने का बहाना बनाया और फिर अंदर घुसकर रेंजर के साथ गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी। रेंजर ने समझाने की कोशिश की तो राजबाला ने थप्पड़ मार दिया और राजू ने कुर्सी उठाकर वार किया। अंदर मौजूद स्टाफ ने बीच-बचाव कर रेंजर को बचाया।
रेंजर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले विभागीय जांच के दौरान गार्ड राजू अपनी ड्यूटी से गैरहाजिर था, जिस पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसी बात से नाराज होकर दोनों ने हमला किया।
थाना सिटी पिहोवा के SHO नरेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर राजू और राजबाला के खिलाफ BNS की धारा 115, 121(1), 132, 3(5), और 351(3) के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।
DFO ऋषि राज ने कहा कि मारपीट के आरोप में दोनों कर्मियों को सस्पेंड कर विभागीय जांच शुरू की गई है। कर्मियों की ओर से भी रेंजर पर शिकायत दी गई है, जिसकी जांच जारी है।
Author1