गोपाल कांडा के घर ईडी की रेड, करोड़ों की नकदी और विदेशी डॉलर बरामद!
हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा पर ईडी का शिकंजा। छापेमारी में 2.25 करोड़ रुपये नकद और विदेशी मुद्रा बरामद। ऑनलाइन और ऑफलाइन कैसीनो घोटाले में क्रिप्टोकरेंसी का कनेक्शन भी सामने आया।
➤ गोपाल कांडा के घर ईडी की बड़ी रेड
➤ करोड़ों की नकदी और विदेशी मुद्रा बरामद
➤ ऑनलाइन और ऑफलाइन कैसीनो घोटाले की जांच तेज
चंडीगढ़। हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा के घर और उनसे जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (फेमा) 1999 के तहत की गई इस रेड में ईडी की करीब 20 टीमों ने दिल्ली, गुरुग्राम, गोवा, मुंबई और राजकोट में 15 परिसरों पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान 2.25 करोड़ रुपये नकद, 14,000 अमेरिकी डॉलर, 9 लाख रुपये से अधिक की विदेशी मुद्रा और कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए।
ईडी अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दायरे में गोल्डन ग्लोब होटल्स प्राइवेट लिमिटेड, वर्ल्डवाइड रिसॉर्ट्स एंड एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड और बिग डैडी कैसीनो, गोवा से जुड़े परिसर शामिल हैं। जांच में खुलासा हुआ कि यहां ग्राहकों को विदेशी मुद्रा के बदले पोकर चिप्स दिए जाते थे और जीत की राशि भी विदेशी मुद्रा में वितरित की जाती थी।
ईडी को यह भी पता चला कि rolex777.co, iCasino247.com, play247s.com, Win Daddy, Poker Daddy जैसे कई ऑनलाइन कैसीनो प्लेटफॉर्म, कांडा के होटल ग्रुप के स्टाफ द्वारा प्रमोट किए जा रहे थे। वित्तीय लेन-देन में क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट का इस्तेमाल किया जाता था और यूएसडी टेथर के जरिए दुबई सहित कई देशों में धन ट्रांसफर किया जा रहा था।
जांच में ऐसे कई खच्चर खाते भी सामने आए जिनके जरिए जुए की रकम इकट्ठा कर विदेशों में ट्रांसफर की जाती थी। ईडी के अनुसार, इसमें अंगडिया सेवाओं का भी इस्तेमाल किया गया।
हालांकि, गोपाल कांडा के परिजनों ने रेड की पुष्टि की, लेकिन विस्तार से कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। गौरतलब है कि कांडा, भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार में मंत्री रह चुके हैं। बाद में उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी बनाई और भाजपा नेताओं से करीबी बढ़ा ली। वर्ष 2012 में गीतिका शर्मा आत्महत्या मामले में भी उनका नाम सामने आ चुका है।
Akhil Mahajan