पंजाब में पुलिसकर्मियों की हत्या पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग काधमकी भरा पोस्ट वायरल
गुरदासपुर में सीमा के पास दो पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद गैंग से जुड़ा धमकी भरा सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया है। पंजाब पुलिस और बीएसएफ संयुक्त जांच में जुटे हैं।
■ सोशल मीडिया पोस्ट में हिंसक चेतावनी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
■ गुरदासपुर बॉर्डर के पास 2 पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या
■ पोस्ट की सत्यता और नेटवर्क की जांच में जुटी एजेंसियां
पंजाब में सीमा के नजदीक हुए दोहरे हत्याकांड के बाद हालात और संवेदनशील हो गए हैं। गुरदासपुर में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या के बाद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े बताए जा रहे ग्रुप ने सोशल मीडिया पर एक उग्र पोस्ट जारी कर बदले की चेतावनी दी है। पोस्ट में हिंसक भाषा का इस्तेमाल करते हुए जिम्मेदार लोगों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
यह मामला गुरदासपुर जिले का है, जहां भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट स्थित एक चेक पोस्ट पर असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर गुरनाम सिंह और होम गार्ड जवान अशोक कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों जवान ड्यूटी पर तैनात थे। उनके सिर में गोली लगने के निशान मिले हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया।
घटना की जांच पंजाब पुलिस और सीमा सुरक्षा बल द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले को संभावित आतंकी एंगल से भी देखा जा रहा है। साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट की तकनीकी जांच के लिए साइबर टीमें सक्रिय कर दी गई हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि पोस्ट वास्तविक गैंग नेटवर्क से जुड़ा है या किसी फर्जी अकाउंट की करतूत है।
सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे भड़काऊ पोस्ट अक्सर माहौल को अस्थिर करने और भय का वातावरण बनाने के उद्देश्य से किए जाते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से ही करें।
पंजाब सरकार ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं सीमावर्ती इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।
Akhil Mahajan