गुरुग्राम में ट्रैफिक सिग्नल पर कार चालक का खतरनाक स्टंट
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर एक कार चालक ने ट्रैफिक सिग्नल पर खतरनाक ड्रिफ्टिंग की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे सड़क सुरक्षा पर सवाल उठे हैं।
■ गुरुग्राम में ट्रैफिक सिग्नल पर खतरनाक ड्रिफ्टिंग
■ गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर कार चालक ने किया स्टंट
■ VIDEO वायरल, हादसे का बड़ा खतरा टला
गुरुग्राम के व्यस्त गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर रविवार सुबह एक कार चालक द्वारा खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। सुबह करीब साढ़े छह बजे ट्रैफिक सिग्नल पर जहां सब कुछ सामान्य था, वहीं अचानक एक लग्जरी कार ने बीच सड़क पर ड्रिफ्टिंग शुरू कर दी। यह कोई बंद स्टंट जोन नहीं, बल्कि लाइव ट्रैफिक वाला इलाका था, जहां कई वाहन मौजूद थे। इस दौरान पीछे चल रहे एक ड्राइवर ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कार चालक सड़क को अपनी निजी रेस ट्रैक समझकर बार-बार गाड़ी को गोल-गोल घुमाते हुए स्टंट कर रहा था। कार स्लाइड करते हुए घूम रही थी, जिससे आसपास मौजूद वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़े और सभी लोग दहशत में आ गए। एक छोटी सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी, लेकिन संयोग से कोई दुर्घटना नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, कार का नंबर प्लेट जानबूझकर छिपाया गया था ताकि पहचान न हो सके। यह स्टंट लापरवाही नहीं बल्कि शौक और दिखावे के लिए किया गया बताया जा रहा है। गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड गुरुग्राम का बेहद व्यस्त इलाका है, जहां दिनभर भारी ट्रैफिक रहता है।
इस रोड पर पहले भी ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और लापरवाही के कारण कई हादसे हो चुके हैं। ऐसे में इस तरह की ड्रिफ्टिंग पूरे ट्रैफिक सिस्टम के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। ट्रैफिक विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में युवा अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
पुलिस द्वारा पहले भी ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाती रही है, लेकिन जागरूकता और सख्ती की कमी के कारण इस तरह की घटनाएं रुक नहीं पा रही हैं। विशेषज्ञों ने कहा कि सड़कें किसी की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि सभी की साझी जिम्मेदारी हैं और इस तरह के स्टंट सख्त कार्रवाई के दायरे में आने चाहिए।
shubham