हरियाणा में NH-48 किनारे झाड़ियों से युवती का श*व बरामद, जांच में जुटी पुलिस

गुरुग्राम के इफ्को चौक के पास NH-48 किनारे झाड़ियों में 30 वर्षीय युवती का शव मिला। पुलिस फिलहाल हत्या से इनकार कर रही है और पहचान के लिए CCTV व टैटू की जांच कर रही है।

हरियाणा में NH-48 किनारे झाड़ियों से युवती का श*व बरामद, जांच में जुटी पुलिस

गुरुग्राम में NH-48 किनारे झाड़ियों से 30 वर्षीय युवती का सड़ा-गला शव बरामद

रैपिड रेल सर्वे के दौरान बदबू आने पर कर्मियों ने पुलिस को दी सूचना

शरीर पर चोट के निशान मिले, लेकिन पुलिस ने फिलहाल हत्या की आशंका से किया इनकार

हरियाणा के गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर इफ्को चौक के पास सर्विस लेन की झाड़ियों में एक करीब 30 वर्षीय युवती का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने के बाद मौके पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची। हालांकि शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने फिलहाल हत्या की आशंका से इनकार किया है।

जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के इंजीनियर और कर्मचारी रैपिड रेल कॉरिडोर के लिए जमीन की निशानदेही का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से तेज बदबू आने पर कर्मचारियों ने आसपास देखा तो वहां एक महिला का शव पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सेक्टर-29 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर कुछ चोटों के निशान मिले हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि ये चोटें प्रथम दृष्टया जानलेवा नहीं लग रही हैं।

पुलिस के अनुसार चोटें किसी सड़क दुर्घटना या झाड़ियों में गिरने के कारण भी हो सकती हैं। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

घटनास्थल पर महिला की साड़ी भी अस्त-व्यस्त हालत में मिली। साड़ी का ऊपरी हिस्सा शरीर से हटकर पैरों की तरफ सरका हुआ था, जबकि उसका कुछ हिस्सा जमीन पर फैला मिला। पुलिस का अनुमान है कि शव लंबे समय तक झाड़ियों में पड़े रहने के कारण किसी जानवर ने कपड़ों को खींच दिया होगा। हालांकि फोरेंसिक टीम ने साड़ी से जैविक साक्ष्य, मिट्टी और सूखी घास के नमूने भी एकत्र किए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटनास्थल से किसी प्रकार की छेड़छाड़ हुई थी या नहीं।

जांच के दौरान पुलिस को मृतका के हाथ पर कुछ अस्पष्ट टैटू भी मिले हैं। शव काफी पुराना होने और त्वचा गल जाने के कारण टैटू स्पष्ट नहीं दिख रहे हैं। अब फोरेंसिक विशेषज्ञ इन टैटू को स्पष्ट करने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि महिला की पहचान की जा सके।

सेक्टर-29 थाना के एसएचओ सतेंद्र ने बताया कि फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के जिलों और राज्यों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। इसके साथ ही इफ्को चौक और NH-48 की सर्विस लेन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि महिला के वहां पहुंचने की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।