बदमाशों नें बैंक के बाहर युवक के बैग से 4 लाख उड़ाए

गुरुग्राम के सुशांत लोक-1 में SBI बैंक के बाहर युवक के बैग से 4 लाख रुपए चोरी हो गए। आरोपी मेट्रो स्टेशन से पीछा कर रहे थे। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है।

बदमाशों नें बैंक के बाहर युवक के बैग से 4 लाख उड़ाए
  • गुरुग्राम में SBI बैंक के बाहर युवक के बैग से 4 लाख रुपए चोरी
  • मेट्रो स्टेशन से ही पीछा कर रहे थे दो संदिग्ध बदमाश
  • पुलिस CCTV फुटेज खंगालने में जुटी, आरोपियों की तलाश तेज

गुरुग्राम के पॉश इलाके सुशांत लोक-1 में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा के बाहर दो अज्ञात बदमाश एक युवक के बैग से करीब 4 लाख रुपए निकालकर फरार हो गए। घटना इतनी शातिर तरीके से अंजाम दी गई कि पीड़ित को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला।

पीड़ित युवक सद्दाम अहमद ने बताया कि वह गुरुग्राम के प्रसिद्ध मेगा मॉल में एक बुटिक शॉप चलाते हैं। वह अपने बुटिक से करीब साढ़े तीन लाख रुपए नकद लेकर बैंक में जमा करवाने के लिए निकले थे। उनके मुताबिक जब वह हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पहुंचे, तभी से दो संदिग्ध युवक उनका पीछा कर रहे थे।

सद्दाम ने बताया कि दोनों युवक लगातार उनसे बातचीत करने की कोशिश कर रहे थे। वे खुद को भी बैंक में पैसे जमा करवाने वाला बता रहे थे। रास्ते भर आरोपियों ने बातचीत के जरिए उनका ध्यान भटकाने का प्रयास किया।

जैसे ही सद्दाम अहमद सुशांत लोक-1 स्थित SBI बैंक के बाहर पहुंचे, दोनों बदमाश भी वहीं रुक गए। पीड़ित जब कुछ देर के लिए उनसे बात करने लगा, तभी आरोपियों ने मौका पाकर उसके बैग से नकदी निकाल ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

जब सद्दाम को अपने बैग से रुपए गायब होने का पता चला तो उन्होंने तुरंत शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुके थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से पूछताछ की। पुलिस ने बैंक और मेट्रो स्टेशन के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांच टीम आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रूट का पता लगाने में जुटी हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला सुनियोजित चोरी का लग रहा है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश पहले से ही बैंक के आसपास सक्रिय थे और उन्होंने युवक को टारगेट बनाकर पूरी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद एक बार फिर गुरुग्राम में बैंक और मेट्रो स्टेशन के आसपास सक्रिय बदमाशों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पॉश इलाकों में भी इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।