गुरुग्राम में बेटे ने पिता की हत्या, पत्नी से झगड़े के बीच दिया वारदात को अंजाम

गुरुग्राम के भीमगढ़ खेड़ी गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान बेटे ने अपने 75 वर्षीय पिता की बैट से पिटाई कर हत्या कर दी। पत्नी को पीट रहे आरोपी को पिता ने रोकना चाहा तो बेटे ने हमला कर दिया।

गुरुग्राम में बेटे ने पिता की हत्या, पत्नी से झगड़े के बीच दिया वारदात को अंजाम

गुरुग्राम के भीमगढ़ खेड़ी गांव में पारिवारिक विवाद ने ली जान
पत्नी को पीट रहा था शख्स, बचाने आए पिता पर किया हमला
75 वर्षीय बुजुर्ग की बैट से पिटाई कर मौत, आरोपी बेटा गिरफ्तार


हरियाणा के गुरुग्राम जिले के भीमगढ़ खेड़ी गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 42 वर्षीय युवक ने अपने ही 75 वर्षीय पिता की बैट से पीटकर हत्या कर दी। दरअसल, युवक अपनी पत्नी को पीट रहा था और जब पिता उसे रोकने पहुंचे तो बेटे ने उन पर ही हमला बोल दिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम नीरज है। वह गुरुवार देर रात पत्नी के साथ विवाद कर रहा था। विवाद इतना बढ़ा कि उसने पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। पिता ने बीच-बचाव कर बेटे को रोकने की कोशिश की, लेकिन गुस्साए नीरज ने पास रखा क्रिकेट बैट उठाया और अपने पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग वहीं गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, आरोपी नीरज को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना पूरी तरह से पारिवारिक कलह का नतीजा है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गांव के लोग इस घटना से हतप्रभ हैं। उनका कहना है कि नीरज का स्वभाव पहले से ही चिड़चिड़ा था और वह अक्सर पत्नी से झगड़ा करता था। पिता हमेशा उसे समझाने की कोशिश करते थे। मगर इस बार विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने हद पार कर दी।