जिम संचालक के मर्डर केस में लॉरेंस गैंग का नाम , गुरु रंधावा जिम फायरिंग का भी जिक्र
हांसी जिम संचालक कपिल रेढू हत्याकांड में लॉरेंस गैंग के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। वायरल ऑडियो में गुरु रंधावा जिम फायरिंग का भी जिक्र सामने आया है।
- हांसी जिम संचालक कपिल रेढू हत्याकांड में लॉरेंस गैंग के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा
- वायरल ऑडियो में गुरु रंधावा से जुड़े जिम पर फायरिंग का भी किया गया जिक्र
- महज 5 सेकेंड में 10 गोलियां मारकर की गई हत्या, युवती भी हुई घायल
गुरु रंधावा से जुड़े बताए जा रहे दिल्ली स्थित जिम पर हुई फायरिंग के बाद अब हांसी जिम संचालक कपिल रेढू हत्याकांड में भी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आने से सनसनी फैल गई है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में कपिल रेढू की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। वहीं एक कथित ऑडियो में गुरु रंधावा के जिम पर हुई फायरिंग का भी जिक्र किया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच जारी है।
उधर, गुरुवार सुबह हरियाणा के हांसी शहर में RED Gym संचालक कपिल रेढू (25) की सरेआम गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। सीसीटीवी में कैद वारदात के अनुसार बाइक सवार हमलावर ने करीब 5 सेकेंड में 10 राउंड फायरिंग की। इस दौरान वार्म-अप कर रही शिखा नामक युवती भी छर्रा लगने से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5:25 बजे कपिल रेढू अपने जिम के युवक-युवतियों को वार्म-अप करवा रहे थे। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक चालक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पीछे बैठे हमलावर ने टोपी और कपड़े से अपना चेहरा ढका हुआ था।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बाइक से उतरते ही हमलावर कपिल के बेहद करीब पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अधिकांश गोलियां कपिल के सिर और पीठ को निशाना बनाकर चलाई गईं। गोली लगते ही कपिल जमीन पर गिर पड़े। वारदात के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
गोलीबारी के दौरान वहां मौजूद युवक-युवतियों में भगदड़ मच गई। घायल कपिल को साथियों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल युवती शिखा को उपचार के लिए हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक कपिल रेढू मूल रूप से जींद जिले के डालमवाला गांव के रहने वाले थे और पिछले करीब तीन वर्षों से हांसी में RED Gym संचालित कर रहे थे। कपिल ने करीब एक वर्ष पहले इंटरकास्ट लव मैरिज की थी। वह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे।
वारदात के करीब पांच घंटे बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें हैरी बॉक्सर, आरडी धारीवाल, हरमन संधु और विक्रम क्रीडान के नाम से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पोस्ट में कहा गया कि कपिल पहले हुई कुछ फायरिंग घटनाओं में कथित तौर पर शामिल था और उसे पहले भी समझाया गया था, लेकिन उसने चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया।
वायरल पोस्ट में शेखपुरा और ढाणी पुरिया फायरिंग केस का भी जिक्र किया गया है। दावा किया गया है कि कपिल इन मामलों का मुख्य साजिशकर्ता था। हालांकि पुलिस ने अभी तक इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और मामले की स्वतंत्र जांच की जा रही है।
मामले ने नया मोड़ तब लिया जब सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल हुआ। इस ऑडियो में हांसी हत्याकांड के साथ-साथ दिल्ली में गुरु रंधावा से जुड़े बताए जा रहे जिम पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का भी दावा किया गया। ऑडियो में कथित तौर पर कहा गया कि गुरु रंधावा को पहले भी चेतावनी दी गई थी और आगे भी कार्रवाई की धमकी दी गई।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां वायरल पोस्ट और ऑडियो की सत्यता की जांच कर रही हैं। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि इन दावों का हांसी हत्याकांड से कोई सीधा संबंध है या नहीं। फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और सोशल मीडिया गतिविधियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
Akhil Mahajan