दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, ऑफिस में चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट

]सेक्टर-6 में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर सुभाष मलिक की उनके ऑफिस में चाकू से हत्या कर दी गई। सिर और हाथ पर कई वार किए गए। CCTV कैमरे बंद मिलने से पुलिस जांच में मुश्किलें आ रही हैं।

दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, ऑफिस में चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट

पॉश एरिया सेक्टर-6 में सनसनी, CCTV कैमरे मिले बंद, फोरेंसिक जांच जारी

➤ सेक्टर-6 स्थित ऑफिस में प्रॉपर्टी डीलर सुभाष मलिक की चाकू से हत्या
➤ सिर और हाथ पर कई वार, जान बचाने के लिए संघर्ष के निशान
➤ आसपास के CCTV कैमरे बंद मिले, पुलिस जांच में बड़ी चुनौती


हरियाणा के हांसी शहर के पॉश एरिया सेक्टर-6 में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रॉपर्टी डीलर और रिटायर्ड पंचायत सेक्टरी सुभाष मलिक की उनके ही कार्यालय में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात दिनदहाड़े अंजाम दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, सुभाष मलिक सेक्टर-6 के शॉपिंग सेंटर में ‘माया प्रॉपर्टीज’ के नाम से ऑफिस चलाते थे। वह रोजाना की तरह मंगलवार सुबह करीब पांच बजे कार्यालय खोलने पहुंचे थे। काफी समय तक जब वह घर नहीं लौटे, तो उनकी पत्नी उन्हें खाना खाने के लिए बुलाने ऑफिस पहुंची। जैसे ही उन्होंने ऑफिस का दरवाजा खोला, पति को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर पत्नी ने शोर मचा दिया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।

परिजन और स्थानीय लोगों ने सुभाष मलिक को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हत्या से पहले हुआ जबरदस्त संघर्ष

हांसी सर्व व्यापार मंडल के प्रधान बजरंग बंसल, जो सुभाष मलिक के ऑफिस के पास ही रहते हैं, ने बताया कि ऑफिस में रखा हुक्का टूटा हुआ मिला है। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि सुभाष मलिक ने हमलावर से जान बचाने के लिए जमकर संघर्ष किया, लेकिन हमलावरों ने सिर और हाथ पर चाकू से कई वार कर उनकी हत्या कर दी।

CCTV बंद, पुलिस के सामने चुनौती

पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह है कि आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज बंद मिले हैं। इससे फिलहाल आरोपियों की पहचान में दिक्कत आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही DSP विनोद शंकर और शहर थाना प्रभारी सुखजीत मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और हर एंगल से जांच की जा रही है।

अनाज मंडी चौकी प्रभारी धर्मवीर ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।