हांसी में युवक को कुएं में उल्टा लटकाकर टॉर्चर: चोरी के शक में ग्रामीणों ने पीटा, वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस
हांसी के सोरखी गांव में चोरी के शक में एक युवक को हाथ-पैर बांधकर कुएं में उल्टा लटकाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़ित को तलाश कर जांच शुरू कर दी है।
■ चोरी के शक में युवक के हाथ-पैर बांधकर कुएं में उल्टा लटकाने का आरोप
■ वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़ित को ढूंढकर मेडिकल कराया
■ युवक बोला- टॉयलेट के लिए रुका था, ग्रामीणों ने चोर बताकर पकड़ लिया
हरियाणा के हांसी क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। चोरी के शक में एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर न केवल बेरहमी से पीटा बल्कि उसके हाथ-पैर बांधकर कुएं में उल्टा लटका दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और पीड़ित युवक को तलाश कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया।
पीड़ित की पहचान बारूराम के रूप में हुई है, जो हांसी जिले के सोरखी गांव का रहने वाला है।
युवक ने सुनाई आपबीती
पुलिस पूछताछ में बारूराम ने बताया कि वह स्टील की ग्रिल और गेट बनाने का काम करता है। 1 जून को वह अपने एक परिचित के साथ भाटोल गांव की तरफ जा रहा था। रास्ते में टॉयलेट करने के लिए रुका था, तभी कुछ युवकों ने उसे "चोर-चोर" कहकर पकड़ लिया।
बारूराम के अनुसार, कुछ ही देर में और लोग भी वहां पहुंच गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि युवकों ने चोरी का आरोप लगाते हुए उसके हाथ-पैर बांध दिए और कुएं में उल्टा लटकाकर प्रताड़ित किया।
कुएं में उल्टा लटकाकर की गई प्रताड़ना
वायरल वीडियो में युवक का सिर पानी के बेहद करीब दिखाई देता है और वह जोर-जोर से चिल्लाता नजर आता है। बाद में उसे बाहर निकालकर थप्पड़, लात-घूंसों और डंडों से पीटने के भी दृश्य सामने आए।
घटना के बाद युवक को डायल-112 पुलिस टीम के हवाले किया गया था। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया था, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद मामला दोबारा चर्चा में आया।
पुलिस ने लिया स्वत: संज्ञान
सोरखी चौकी इंचार्ज इंस्पेक्टर पवित्र कुमार ने बताया कि पुलिस को इस मामले की कोई शिकायत नहीं मिली थी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लिया और पीड़ित युवक को तलाश कर उसके बयान दर्ज किए।
पुलिस ने युवक का मेडिकल परीक्षण कराया है और अब मेडिकल रिपोर्ट तथा बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान भी की जा रही है।
ग्रामीणों का दावा- चोरी करते पकड़ा था
दूसरी ओर गांव के कुछ ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार पानी की मोटर चोरी की घटनाएं हो रही थीं। पिछले एक सप्ताह में कई मोटरें चोरी हो चुकी थीं।
ग्रामीणों का दावा है कि युवक को मोटर चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था। इसी वजह से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि युवक के साथ जो व्यवहार किया गया, वह गलत था।
सरपंच ने भी माना- मारपीट गलत थी
गांव के सरपंच रामचंद्र ने कहा कि युवक अनुसूचित जाति समुदाय से संबंधित है। उन्होंने दावा किया कि युवक पर पहले भी चोरी और नशे के आरोप लगते रहे हैं, लेकिन ग्रामीणों द्वारा की गई मारपीट और प्रताड़ना गलत है।
कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं
यह मामला एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि किसी भी व्यक्ति पर संदेह होने के बावजूद कानून अपने हाथ में लेना कितना खतरनाक हो सकता है। किसी अपराध का फैसला अदालत और पुलिस जांच करती है, न कि भीड़।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
pooja