शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर हैवान बना आशिक, प्रेमिका को पीटा, स्तन काटे, पेड़ से बांधकर अधमरा छोड़ा
हरदोई में शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर आरोपी युवक ने किशोरी के साथ मारपीट की। पुलिस ने मामले में आरोपी अतुल को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
➤ शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर किशोरी के साथ हैवानियत
➤ आरोपी ने सुनसान जगह ले जाकर बेरहमी से पीटा
➤ हरदोई पुलिस ने आरोपी अतुल को हिरासत में लिया
हरदोई में एकतरफा प्यार में 24 साल के सिरफिरे ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। उसने शादी से इनकार करने पर 17 साल की लड़की के दोनों स्तन काट दिए। इससे पहले, वह लड़की को जबरन उठा ले गया। सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की। पेड़ से बांधकर उसे लात-घूसों से पीटा। फिर अधमरा छोड़कर भाग गया।
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एकतरफा प्यार में हैवानियत की बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। आरोप है कि शादी का प्रस्ताव ठुकराने से नाराज युवक ने 17 वर्षीय किशोरी को अगवा कर उसके साथ बर्बरता की। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मामला बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार किशोरी दिल्ली में अपनी बहन के साथ रहती थी और 3 मई को अपने चाचा की शादी में शामिल होने गांव आई थी। 11 मई की रात गांव में शादी समारोह चल रहा था, जहां किशोरी अपनी मां के साथ मौजूद थी।
आरोप है कि देर रात गांव निवासी अतुल नामक युवक किशोरी को जबरन पकड़कर गांव के बाहर सुनसान इलाके में ले गया। पीड़िता के अनुसार आरोपी लंबे समय से उस पर बातचीत और शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन वह लगातार उसके प्रस्ताव को ठुकरा रही थी। इसी रंजिश में आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे रस्सी से पेड़ से बांध दिया और डंडों, लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की। हमले के दौरान किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई और बेहोश हो गई। आरोपी उसे उसी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी अतुल को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
Akhil Mahajan