उत्तराखंड में शुल्क विवाद में हरियाणा के युवक ने पार्किंग कर्मी को कार से कुचल कर मौत के घाट उतारा
हरिद्वार में पार्किंग शुल्क को लेकर हुए विवाद में हरियाणा के सोनीपत निवासी युवक ने कार से पार्किंग कर्मी को कुचल दिया। गंभीर घायल कर्मी की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।
- • पार्किंग शुल्क विवाद में हरियाणा के युवक ने कर्मी को कार से कुचला, मौके पर हड़कंप
- • गंभीर घायल कर्मी की अस्पताल ले जाते समय मौत, परिवार में मातम
- • आरोपी चालक हिरासत में, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
उत्तराखंड के हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए पहुंचे हरियाणा के युवक द्वारा की गई एक लापरवाही भरी और हिंसक हरकत ने एक पार्किंग कर्मी की जान ले ली। मामला दीनदयाल पार्किंग का है, जहां पार्किंग शुल्क को लेकर हुए विवाद में युवक ने अपनी कार से कर्मचारी को कुचल दिया।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत निवासी विशाल अपने परिवार के साथ कार से हरिद्वार आया था। गंगा स्नान के बाद जब वह दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पार्किंग से बाहर निकल रहा था, तभी पार्किंग मैनेजर सहदेव कुमार ने पर्ची काटने और शुल्क जमा कराने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर चालक ने अचानक कार आगे बढ़ा दी, जिससे सहदेव कुमार उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें हरिद्वार जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर उन्हें हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय कार में आरोपी चालक का पूरा परिवार मौजूद था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए लोगों ने कार का शीशा भी तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया।
कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों और पार्किंग कर्मचारियों में भारी आक्रोश है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
Akhil Mahajan