हरियाणा ACB की बड़ी कार्रवाई: ₹2.50 लाख लेते GST सुपरिटेंडेंट गिरफ्तार
हरियाणा ACB ने गुरुग्राम में केंद्रीय GST विभाग के सुपरिटेंडेंट को ₹2.50 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। GST नंबर सक्रिय करने के लिए अवैध धन की मांग की गई थी। जांच जारी है।
• गुरुग्राम में ₹2.50 लाख रिश्वत लेते GST सुपरिटेंडेंट गिरफ्तार
• GST नंबर सक्रिय करने के बदले मांगी थी रिश्वत
• एसीबी ने सात दिन की निगरानी के बाद रंगे हाथ दबोचा
हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV & ACB) ने गुरुग्राम में केंद्रीय GST विभाग के सुपरिटेंडेंट भारत मीणा को ₹2.50 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अधिकारी झज्जर जिले के बहादुरगढ़ केंद्रीय GST कार्यालय में तैनात था और शिकायतकर्ता की फर्म का GST नंबर सक्रिय करने के बदले अवैध धन की मांग कर रहा था। ब्यूरो ने शिकायत की पुष्टि के बाद सुनियोजित ट्रैप ऑपरेशन चलाकर कार्रवाई की।
एसीबी प्रवक्ता के अनुसार, हरियाणा निवासी शिकायतकर्ता ने जानकारी दी कि सुपरिटेंडेंट ने उनकी फर्म के GST नंबर को सक्रिय करने के लिए ₹2.50 लाख की रिश्वत मांगी थी। शिकायत दर्ज होने के बाद टीम ने सात दिनों तक निगरानी रखी और सभी तथ्य पुख्ता होने के बाद आरोपी को गुरुग्राम के बड़ा भईया चौक, गांव बसई से रिश्वत सहित गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक जांच में कुछ अन्य अधिकारियों की संलिप्तता की संभावना सामने आई है। ब्यूरो का कहना है कि जांच के दौरान जिन भी नामों का खुलासा होगा, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और बरामद ₹2.50 लाख की राशि को सील कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए सुरक्षित किया गया है। जांच में कई महत्वपूर्ण पहलू मिले हैं, जिन्हें विस्तार से खंगाला जा रहा है।
एसीबी प्रमुख आईपीएस अजय सिंघल ने कहा कि राज्य सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई और अधिक कड़ी की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि अगर कोई भी सरकारी अधिकारी रिश्वत की मांग करता है, तो टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 या 1064 पर तुरंत शिकायत करें।
Author1