हरियाणा बोर्ड 10वीं रिजल्ट जारी, भिवानी की दीपिका बनी स्टेट टॉपर
हरियाणा बोर्ड 10वीं का रिजल्ट जारी हो गया है। भिवानी की दीपिका ने 499 अंक लेकर प्रदेश में टॉप किया। इस बार 89.6% छात्र पास हुए, जो तीन साल में सबसे कमजोर रिजल्ट रहा।
हरियाणा बोर्ड 10वीं में 89.6% छात्र पास, 3 साल में सबसे कमजोर रिजल्ट
भिवानी की दीपिका ने 499 अंक लेकर किया स्टेट टॉप
4 छात्र दूसरे और 11 छात्र संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने गुरुवार 14 मई को 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। इस बार प्रदेशभर में कुल 89.6 प्रतिशत छात्र सफल हुए हैं। बोर्ड के अनुसार पिछले तीन वर्षों में यह सबसे कमजोर रिजल्ट माना जा रहा है।
बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि इस बार 2 लाख 76 हजार 640 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 2 लाख 47 हजार 860 छात्र पास हुए।
इस बार पूरे प्रदेश में कुल 16 विद्यार्थियों ने टॉप-3 में जगह बनाई। भिवानी की छात्रा दीपिका ने 500 में से 499 अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया।
वहीं चरखी दादरी के रौनक, हिसार की खुशी, हिसार की अंतू और महेंद्रगढ़ के दिपांशू ने 498 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा 11 विद्यार्थियों ने 497 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से तीसरी रैंक प्राप्त की। इनमें कैथल की मानसी, रोहतक की गीता, सोनीपत के काव्यांश और फतेहाबाद की आरजू समेत कई छात्र शामिल रहे।
जिलावार रिजल्ट में चरखी दादरी पहले स्थान पर रहा। दूसरे नंबर पर जींद और तीसरे स्थान पर महेंद्रगढ़ रहा। वहीं नूंह जिला सबसे निचले पायदान पर रहा।
बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में 95.22 प्रतिशत और 2025 में 92.49 प्रतिशत छात्र पास हुए थे। ऐसे में इस बार का रिजल्ट तीन साल में सबसे खराब रहा।
रिजल्ट में लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया। रेगुलर कैटेगरी में 1 लाख 43 हजार 110 लड़कों ने परीक्षा दी, जिनमें से 87.69 प्रतिशत पास हुए।
वहीं 1 लाख 33 हजार 530 लड़कियों में से 91.64 प्रतिशत छात्राएं सफल रहीं। लड़कियों का रिजल्ट लड़कों से 3.95 प्रतिशत अधिक रहा।
ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने भी शहरी क्षेत्रों से बेहतर प्रदर्शन किया। ग्रामीण क्षेत्रों की पास प्रतिशतता 90.25 प्रतिशत रही, जबकि शहरी क्षेत्रों का रिजल्ट 87.94 प्रतिशत दर्ज किया गया।
इसके अलावा प्राइवेट स्कूलों का परिणाम सरकारी स्कूलों से बेहतर रहा। प्राइवेट स्कूलों की पास प्रतिशतता 92.45 प्रतिशत रही, जबकि सरकारी स्कूलों का रिजल्ट 87.23 प्रतिशत दर्ज किया गया।
बोर्ड ने छात्रों को पुनर्मूल्यांकन और पुनः जांच की सुविधा भी दी है। परीक्षार्थी रिजल्ट घोषित होने की तिथि से 20 दिन के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
हरियाणा मुक्त विद्यालय (ओपन स्कूल) का रिजल्ट भी जारी कर दिया गया। फ्रेश कैटेगरी में कुल 11.17 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए, जबकि रि-अपीयर और सीटीपी श्रेणी का परिणाम 47.64 प्रतिशत रहा।
इसके साथ ही बोर्ड ने डीएलएड (रि-अपीयर/मर्सी चांस) परीक्षा का परिणाम भी घोषित किया। विभिन्न श्रेणियों में रिजल्ट 62 से 81 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।
रिजल्ट जारी होने के बाद प्रदेशभर के स्कूलों में जश्न का माहौल दिखाई दिया। कई जगह छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई।
pooja