हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से, 2 मार्च को पेश होगा 2.15 लाख करोड़ का संभावित बजट

हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से शुरू होगा। 2 मार्च को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 2.15 लाख करोड़ रुपये का संभावित बजट पेश करेंगे। सत्र 18 मार्च तक चलेगा।

हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से, 2 मार्च को पेश होगा 2.15 लाख करोड़ का संभावित बजट



➤ 20 फरवरी से 18 मार्च तक चलेगा सत्र
➤ 2 मार्च को CM सैनी पेश करेंगे बजट
➤ 17 दिन कार्यवाही, बीच में 9 अवकाश



हरियाणा में विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से शुरू होगा और 18 मार्च तक चलेगा। जारी टेम्परेरी शेड्यूल के अनुसार 2 मार्च को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सदन में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। इस बार करीब 2.15 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किए जाने की संभावना है। पिछले वित्त वर्ष में 2.05 लाख करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया गया था।

सत्र की शुरुआत 20 फरवरी को सुबह 11 बजे राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। अभिभाषण के दौरान शोक प्रस्ताव रखे जाएंगे और सदन पटल पर पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। 21 और 22 फरवरी को अवकाश रहेगा। 23 से 25 फरवरी तक राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी।

26 फरवरी को सामान्य चर्चा दोबारा शुरू होगी और वर्ष 2025-26 के लिए अनुपूरक बजट (तीसरी किस्त) पर प्रस्तुति, चर्चा और मतदान कराया जाएगा। 27 फरवरी को मुख्यमंत्री राज्यपाल के अभिभाषण पर जवाब देंगे। इसी दिन धन्यवाद प्रस्ताव पर मतदान होगा और अनुपूरक अनुदान विधेयक पारित किया जाएगा। 28 फरवरी और 1 मार्च को अवकाश रहेगा।

2 मार्च को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। 3 मार्च को सदन की बैठक नहीं होगी जबकि 4 मार्च को अवकाश रहेगा। 5 और 6 मार्च को विभागीय स्थायी समितियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। 7 और 8 मार्च को फिर अवकाश रहेगा। 9 मार्च को स्थायी समितियों की रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जाएगा।

10 से 13 मार्च तक बजट पर सामान्य चर्चा होगी। 14 और 15 मार्च को अवकाश रहेगा। 16 मार्च को समितियों की रिपोर्ट सदन में प्रस्तुत की जाएगी और बजट पर चर्चा का समापन होगा। इसी दिन मुख्यमंत्री बजट पर जवाब देंगे और विधायी कार्य निपटाया जाएगा। 17 मार्च को विनियोग विधेयक और अन्य विधायी कार्य लिए जाएंगे। 18 मार्च को भी विधायी कार्य और अन्य विषयों पर चर्चा होगी।

यह शेड्यूल फिलहाल अस्थायी है। 19 फरवरी को होने वाली बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की बैठक में इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री अनिल विज सहित अन्य सदस्य शामिल होंगे। विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और अर्जुन चौटाला भी बैठक में मौजूद रहेंगे।