हरियाणा बजट सत्र में घमासान: 3 घोटालों पर सरकार घिरी, कांग्रेस का वॉकआउट

हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन 590 करोड़ बैंक मामले, धान घोटाले और HKRN को लेकर जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस ने वॉकआउट किया, जबकि सीएम सैनी और भूपेंद्र हुड्डा के बीच तीखी बहस देखने को मिली।

हरियाणा बजट सत्र में घमासान: 3 घोटालों पर सरकार घिरी, कांग्रेस का वॉकआउट

■ IDFC फर्स्ट बैंक के 590 करोड़ मामले पर हंगामा
■ HKRN और धान-टेलीकॉम घोटाले पर अरोड़ा-बेदी आमने-सामने
■ वोट चोरी टिप्पणी पर हुड्डा का तंज, सदन में तीखी नोकझोंक


हरियाणा विधानसभा में सोमवार को बजट सत्र के दूसरे दिन जोरदार हंगामा देखने को मिला। दोपहर 2 बजे प्रश्नकाल से शुरू हुई कार्यवाही शाम तक बहस, आरोप-प्रत्यारोप और वॉकआउट के बीच चलती रही।

बैंक घोटाले पर सैनी-हुड्डा आमने-सामने

IDFC फर्स्ट बैंक में 590 करोड़ रुपए के कथित घोटाले को लेकर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार को घेरा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जवाब देते हुए कहा कि मामला एंटी करप्शन ब्यूरो और विजिलेंस को सौंप दिया गया है और सरकारी धन सुरक्षित है।

इस जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने हंगामा किया और सदन से वॉकआउट कर दिया, हालांकि बाद में वे लौट आए।

HKRN पर बहस, अरोड़ा-बेदी भिड़े

गवर्नर एड्रेस पर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) को बंद करने की मांग उठाई। इस पर मंत्री कृष्ण बेदी ने पलटवार करते हुए कांग्रेस शासन पर क्षेत्रवाद और भाई-भतीजावाद के आरोप लगाए।

बहस के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हस्तक्षेप करते हुए तीखी टिप्पणी की, जिससे सदन का माहौल और गरमा गया।

वोट चोरी टिप्पणी पर तंज

सत्र समाप्ति से पहले विधायक दादा गौतम और हुड्डा के बीच वोट चोरी को लेकर बहस हुई। इस दौरान हुड्डा ने तंज कसते हुए कहा, “बुड्ढा हो गया है, माफ करो।” हालांकि बाद में माहौल हल्का भी हुआ।

अन्य मुद्दे भी गरमाए

  • एचपीएससी को लेकर कांग्रेस का प्रस्ताव खारिज

  • सोशल मीडिया वीडियो पर विशेषाधिकार प्रस्ताव स्वीकार

  • प्रदूषण और दूषित जल का मुद्दा उठा

  • धान घोटाले और रोहतक टेलीकॉम मामले की CBI जांच की मांग

सदन में दिनभर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा और विपक्ष ने सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की कोशिश की।