हरियाणा निकाय चुनाव में BC(B) को नहीं मिला ओपन वार्ड, बढ़ी सियासी चर्चा

हरियाणा के अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों में BC(B) वर्ग के लिए कोई ओपन वार्ड नहीं रखा गया है, जिससे पुरुष उम्मीदवारों को सामान्य सीटों से चुनाव लड़ना पड़ रहा है।

हरियाणा निकाय चुनाव में BC(B) को नहीं मिला ओपन वार्ड, बढ़ी सियासी चर्चा

तीन नगर निगमों में BC(B) के लिए एक भी ओपन वार्ड नहीं
पुरुष उम्मीदवारों को सामान्य सीटों से चुनाव लड़ने की मजबूरी
अंबाला में मेयर पद भी BC(B) महिला के लिए आरक्षित


हरियाणा में होने जा रहे शहरी निकाय चुनाव के बीच एक अहम और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। प्रदेश के अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों में इस बार BC(B) वर्ग के लिए एक भी ओपन वार्ड नहीं रखा गया है। इस वजह से इस वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को मजबूरन सामान्य (अनारक्षित) वार्डों से ही चुनाव मैदान में उतरना पड़ रहा है।

इस मामले पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट और म्युनिसिपल कानून विशेषज्ञ हेमंत कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि तीनों नगर निगमों में सिर्फ एक-एक वार्ड BC(B) महिला के लिए आरक्षित किया गया है।

यदि आरक्षण की स्थिति देखें तो अंबाला नगर निगम वार्ड नंबर 11, पंचकूला नगर निगम वार्ड नंबर 18 और सोनीपत नगर निगम वार्ड नंबर 11 को BC(B) महिला के लिए रिजर्व किया गया है। इस कारण BC(B) वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के पास सामान्य वार्ड से चुनाव लड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता।

स्थिति और भी दिलचस्प तब हो जाती है जब अंबाला नगर निगम में मेयर पद भी BC(B) महिला के लिए आरक्षित है। यानी इस निगम में इस वर्ग का कोई भी पुरुष मेयर पद के लिए चुनाव नहीं लड़ सकता। खास बात यह है कि हरियाणा के मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी इसी BC(B) वर्ग से आते हैं।

कानूनी पहलू पर नजर डालें तो एडवोकेट हेमंत कुमार के अनुसार, वर्ष 2024 में राज्य सरकार ने नगरपालिका और नगर निगम कानूनों में संशोधन कर BC(B) वर्ग के लिए अलग से आरक्षण का प्रावधान किया था। इसके बाद विधानसभा ने इसे विधेयक के रूप में पारित कर कानून बना दिया। इससे पहले वर्ष 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कार्यकाल में BC(A) वर्ग के लिए आरक्षण लागू किया गया था।

यह स्थिति पहली बार नहीं आई है। इससे पहले मार्च 2025 में हुए नगर निगम चुनावों में भी हिसार, करनाल और पानीपत में एक भी BC(B) ओपन वार्ड नहीं था। हालांकि गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर, रोहतक और यमुनानगर जैसे शहरों में कुछ ओपन वार्ड उपलब्ध थे, जहां इस वर्ग के पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवार चुनाव लड़ सके थे।

इन चुनावों के तहत तीन नगर निगमों के अलावा रेवाड़ी नगर परिषद और उकलाना, सांपलाधारूहेड़ा नगरपालिका समितियों में भी चुनाव कराए जा रहे हैं, जबकि छह अन्य शहरी निकायों में उपचुनाव प्रस्तावित हैं।