टोल बचाने के चक्कर में गई जान: पानीपत टोल प्लाजा पर कार ने 5 लोगों को रौंदा, बुजुर्ग की मौत; 4 घायल

पानीपत के NH-44 टोल प्लाजा पर टोल बचाने के लिए कार चालक ने तेज रफ्तार में कार बैक कर दी। हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

टोल बचाने के चक्कर में गई जान: पानीपत टोल प्लाजा पर कार ने 5 लोगों को रौंदा, बुजुर्ग की मौत; 4 घायल

NH-44 के टोल प्लाजा पर टोल बचाने के लिए कार चालक ने तेज रफ्तार में कार बैक की

दो बाइकों को टक्कर लगने से एक बुजुर्ग की मौत, दो महिलाओं समेत चार लोग गंभीर घायल

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार, CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस तलाश में जुटी


हरियाणा के पानीपत में नेशनल हाईवे-44 स्थित टोल प्लाजा पर शुक्रवार को टोल टैक्स बचाने की कोशिश एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। बैरियर बंद होने पर एक कार चालक ने अपनी गाड़ी तेज रफ्तार से पीछे दौड़ा दी। अचानक पीछे की ओर आई कार ने पीछे से आ रही दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई।

पानीपत सिविल अस्पताल में पहुंचे मृतक और घायलों के परिवार के लोग। - Dainik Bhaskar

हादसे के बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल पानीपत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

स्कूटी पर लौट रहे परिवार पर टूटा कहर

पुलिस के अनुसार रामफल, उनकी पत्नी बेबी और बहू पूजा एक स्कूटी पर सवार होकर करनाल से पानीपत लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार से पीछे आती कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि रामफल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बहू गंभीर रूप से घायल हो गईं।

दूसरी बाइक भी आई चपेट में

हादसे में दूसरी बाइक पर सवार परमानंद और उनकी पत्नी पूजा, जो करनाल से रेवाड़ी लौट रहे थे, भी कार की चपेट में आ गए। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर कार और उसके चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा टोल टैक्स बचाने के प्रयास में हुई लापरवाही के कारण हुआ। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फरार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।