अग्निवीर भर्ती में बड़ा फर्जीवाड़ा: सेना की खुफिया इकाई के इनपुट पर धर्मशाला में हरियाणा के 2 युवक गिरफ्तार
धर्मशाला में अग्निवीर भर्ती के दौरान भर्ती दिलाने का झांसा देने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ। सेना की खुफिया इकाई के इनपुट पर करनाल के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
➤ अग्निवीर भर्ती के दौरान युवाओं को भर्ती कराने का झांसा देकर बांट रहे थे विजिटिंग कार्ड
➤ आर्मी इंटेलिजेंस के इनपुट पर धर्मशाला पुलिस ने करनाल के दो आरोपियों को दबोचा
➤ पटियाला में पकड़े गए अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े मिले तार, भर्ती के नाम पर मोटी रकम वसूलने का आरोप
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान सेना भर्ती के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। आर्मी की खुफिया इकाई (9 कोर मुख्यालय) से मिले इनपुट के आधार पर धर्मशाला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हरियाणा के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में इस गिरोह के तार पटियाला में पहले पकड़े गए भर्ती ठगी नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी भर्ती स्थल के आसपास खुलेआम युवाओं को विजिटिंग कार्ड बांट रहे थे और उन्हें भर्ती प्रक्रिया में मदद दिलाने का झांसा दे रहे थे। सेना की खुफिया इकाई ने उनकी गतिविधियों को संदिग्ध मानते हुए तुरंत धर्मशाला पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया।
करनाल के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमन, निवासी गांव पिछोलिया, डाकघर जुंडला, तहसील एवं जिला करनाल (हरियाणा) तथा शुभम, निवासी गांव अपराणा, डाकघर मुनक, तहसील एवं जिला करनाल (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपियों ने अब तक कितने अभ्यर्थियों से संपर्क किया और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पटियाला से जुड़े मिले नेटवर्क के तार
जांच में सामने आया है कि इससे पहले पटियाला के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में भी इसी तरह के अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ था। उस मामले में पुलिस ने संजीव कुमार और विशाल कुमार, दोनों निवासी बुड्ढाणपुर, करनाल, के खिलाफ BNS की धारा 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया था।
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह विशेष रूप से उन युवाओं को निशाना बनाता था जो फिजिकल टेस्ट या मेडिकल टेस्ट में असफल हो जाते थे। आरोपी खुद को प्रभावशाली बताते हुए उन्हें भर्ती में पास कराने का भरोसा देते और बदले में मोटी रकम मांगते थे।
सेना और पुलिस ने जारी की चेतावनी
धर्मशाला पुलिस और सेना भर्ती अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, स्वचालित और योग्यता आधारित है। किसी भी बिचौलिए, एजेंट या भर्ती कराने का दावा करने वाले व्यक्ति के झांसे में न आएं।
यदि कोई व्यक्ति पैसे लेकर भर्ती कराने का दावा करता है तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या भर्ती अधिकारियों को दें।
Akhil Mahajan