सीएम सैनी ने जारी किए ₹1144 करोड़, लाखों लाभार्थियों को राहत लाडो लक्ष्मी योजना की छठी किस्त जारी
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने 35.55 लाख लाभार्थियों को ₹1144.55 करोड़ की राशि जारी की। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को भी बड़ी राहत दी गई है।
■ सीएम सैनी ने 35.55 लाख लाभार्थियों को ₹1144.55 करोड़ जारी किए
■ लाडो लक्ष्मी योजना के तहत ₹203.28 करोड़, दयालु योजना में ₹298.07 करोड़ वितरित
■ हर महीने 10 तारीख को DBT से मिलेगा लाभ, महिलाओं के लिए ₹6500 करोड़ बजट
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास से विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत बड़ा आर्थिक पैकेज जारी किया। इस दौरान राज्य के 35.55 लाख लाभार्थियों को ₹1144.55 करोड़ की राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की गई। सरकार ने इस पहल को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) व्यवस्था को और मजबूत किया है।इस कार्यक्रम में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 9.68 लाख महिलाओं को ₹203.28 करोड़ की राशि दी गई। वहीं दयालु योजना के अंतर्गत 7875 लाभार्थियों को ₹298.07 करोड़ वितरित किए गए। इसके अलावा अनुसूचित जाति के किसानों के लिए चलाई जा रही ट्रैक्टर सहायता योजना के तहत 645 किसानों को ₹19.35 करोड़ की मदद प्रदान की गई।
सीएम सैनी ने घोषणा की कि अब हर महीने की 10 तारीख को योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचेगी। इस मौके पर लाडो लक्ष्मी योजना की छठी किस्त भी जारी की गई। उन्होंने बताया कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार ने ₹6500 करोड़ का बजट निर्धारित किया है और योजना का दायरा बढ़ाते हुए अब ₹1.80 लाख वार्षिक आय वाली महिलाओं को भी इसका लाभ दिया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने बुजुर्गों के लिए पेंशन प्रक्रिया को आसान बनाया है। अब 60 साल की उम्र पूरी होते ही पेंशन स्वतः लागू हो जाती है, जिससे बुजुर्गों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। उन्होंने जोर दिया कि DBT के माध्यम से पारदर्शिता और सुशासन सुनिश्चित हुआ है और अब लोगों को घर बैठे लाभ मिल रहा है।
सीएम ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले के शासन में पेंशन बढ़ाने में लापरवाही और भ्रष्टाचार अधिक था। उन्होंने विपक्ष को तथ्यों के साथ बात रखने की सलाह दी और कहा कि देशहित में किए जा रहे कार्यों का विरोध नहीं होना चाहिए।किसानों के मुद्दे पर जानकारी देते हुए सीएम ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के तहत किसानों को लगातार आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब तक हरियाणा के किसानों को ₹7500 करोड़ से अधिक की राशि मिल चुकी है। इसके साथ ही अनुसूचित जाति के किसानों को ट्रैक्टर खरीदने पर ₹3 लाख तक की सब्सिडी दी जा रही है।
मौसम के कारण फसल नुकसान को लेकर सरकार सतर्क है। हिसार, सिरसा और फतेहाबाद जिलों के लिए मुआवजा पोर्टल खोला गया है, जबकि कुरुक्षेत्र के लिए भी जल्द शुरू किया जाएगा। वहीं मंडियों में अब तक 17.37 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है, जिसमें से 3.92 लाख मीट्रिक टन की खरीद की गई है। किसानों को ₹2585 प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान भी किया जा रहा है।बैंक घोटाले के मामले में सीएम सैनी ने कहा कि पहले इसकी जांच के लिए कमेटी बनाई गई थी, लेकिन अब इसे CBI को सौंप दिया गया है। उन्होंने इसे जनता के पैसे से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए कहा कि सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और पैसा वापस लाने की प्रक्रिया जारी है।
shubham