हरियाणा में शीत हवाओं से बढ़ी ठंड, कई जिलों में कोल्ड डे,आठ जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट जारी

हरियाणा में उत्तर-पश्चिमी शीत हवाओं से ठंड बढ़ गई है। आठ जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। कई शहरों में कोल्ड डे और यातायात प्रभावित हुआ है।

हरियाणा में शीत हवाओं से बढ़ी ठंड, कई जिलों में कोल्ड डे,आठ जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट जारी
  • उत्तर-पश्चिमी शीत हवाओं से हरियाणा में अचानक बढ़ी ठंड
  • आठ जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट, कई जगह कोल्ड डे
  • रेल और सड़क यातायात प्रभावित, एडवाइजरी जारी


पहाड़ों से मैदानी क्षेत्रों की ओर चल रही उत्तर-पश्चिमी शीत हवाओं ने हरियाणा में ठंड को अचानक बढ़ा दिया है। खासतौर पर प्रदेश के उत्तरी और दक्षिण-पूर्वी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इन क्षेत्रों में दिन का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।

रात और दिन के तापमान में अंतर कम होने के कारण लोगों को दिनभर ठंड का ज्यादा अहसास हो रहा है। कई जिलों में दिनभर ठंडी हवाओं के चलते कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रही।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है। आईएमडी ने यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, रोहतक, झज्जर और फरीदाबाद में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

पानीपत में दिन और रात के तापमान में केवल 4.1 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया। हरियाणा के सात जिलों में अधिकतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को फरीदाबाद, गुरुग्राम, कैथल, करनाल, नूंह और पानीपत सहित सात शहरों में दिनभर कोल्ड डे की स्थिति रही।

भिवानी और सोनीपत में रात से ही कोहरा छाना शुरू हो गया था। वहीं नारनौल और महेंद्रगढ़ में आज सीजन की पहली धुंध दर्ज की गई। सुबह के समय फतेहाबाद और गुरुग्राम में भी कोहरा छाया रहा। हिसार में दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं।

धुंध को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों से धीमी गति से वाहन चलाने, फॉग लाइट या लो-बीम हेडलाइट का प्रयोग करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। पुलिस ने अनावश्यक ओवरटेकिंग, मोबाइल फोन के इस्तेमाल और मुख्य सड़कों पर वाहन खड़े करने से बचने के निर्देश दिए हैं।

कोहरे के कारण रेल और सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है। कई एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। मालवा एक्सप्रेस और गोरखधाम एक्सप्रेस सहित कई लंबी दूरी की ट्रेनें लेट चल रही हैं। रोडवेज ने भी रात और अलसुबह चलने वाली अधिकांश बसों को विभिन्न डिपो से रद्द कर दिया है।

परिवहन विभाग ने बसों की अधिकतम गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा रखने के निर्देश जारी किए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूरे राज्य में 23 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर हरियाणा के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम 24 दिसंबर तक परिवर्तनशील बना रह सकता है। 20 दिसंबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा।

इसके आंशिक प्रभाव से 20 दिसंबर की रात से 22 दिसंबर के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने और उत्तरी हरियाणा के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। नमी बढ़ने से सुबह के समय धुंध छाने की संभावना भी बनी रहेगी।

हालांकि 23 दिसंबर से उत्तर और उत्तर-पश्चिमी शीत हवाएं फिर से सक्रिय होने पर विशेषकर रात के तापमान में दोबारा गिरावट दर्ज की जा सकती है।