हरियाणा के 8 जिलों में धुंध और शीतलहर, रोडवेज बसों की रफ्तार 60 KM तय, मंत्री विज ने मांगी हादसों की रिपोर्ट
हरियाणा के 8 जिलों में घनी धुंध और शीतलहर का असर दिखा। सड़क हादसों के बाद रोडवेज बसों की रफ्तार 60 KM तय की गई है।
➤ हिसार, सिरसा समेत 8 जिलों में धुंध, 7 जिलों में यलो अलर्ट जारी
➤ घनी धुंध के चलते सड़क हादसे, परिवहन मंत्री ने सख्त निर्देश दिए
➤ रोडवेज बसों की स्पीड सीमित, रिफ्लेक्टर अनिवार्य
हरियाणा के आठ जिलों में बुधवार सुबह घनी धुंध देखने को मिली। इनमें हिसार, सिरसा, कैथल, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत और सोनीपत शामिल हैं। पानीपत में धुंध के साथ शीतलहर भी चली। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद और रोहतक में गहरी धुंध को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
इससे पहले 13, 14 और 15 दिसंबर को प्रदेश में कई स्थानों पर जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई थी। घनी धुंध के कारण हुए सड़क हादसों में करीब आठ लोगों की मौत हो गई थी। 16 दिसंबर को मौसम साफ रहने के बाद बुधवार को फिर से धुंध का असर दिखाई दिया।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए परिवहन मंत्री अनिल विज ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सड़क हादसों को लेकर विभाग से रिपोर्ट तलब की है। साथ ही रोडवेज बसों को अधिकतम 60 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चलाने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने सभी बसों के आगे और पीछे रिफ्लेक्टर लगाने के आदेश भी जारी किए हैं। निर्देशों का पालन न करने पर ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
फरीदाबाद में बुधवार सुबह दो सड़क हादसे सामने आए। बड़खल चौक पर माल से भरे ट्रक की खाली डंपर से टक्कर हो गई, जिसमें ट्रक चालक घायल हो गया। ओल्ड फरीदाबाद में रेड लाइट पर एक कार स्कूल बस से टकरा गई। कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
मौसम के आंकड़ों पर नजर डालें तो नारनौल में अधिकतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान भी नारनौल में सबसे कम 6.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सिरसा में न्यूनतम तापमान 6.2, हिसार में 6.6 और पंचकूला में 6.9 डिग्री दर्ज किया गया।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 20 दिसंबर तक मौसम खुश्क और परिवर्तनशील बना रहेगा। 18 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से आंशिक बादल छाने और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम धुंध की संभावना जताई गई है।
Author1