हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला: अब महिलाओं और किशोरियों को फ्री मिलेंगे सेनेटरी नैपकिन, 20 मई तक करें आवेदन
हरियाणा सरकार ने महिला एवं किशोरी सम्मान योजना के तहत बीपीएल वर्ग की 10 से 45 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं और किशोरियों को मुफ्त सेनेटरी नैपकिन देने की घोषणा की है। आवेदन की अंतिम तिथि 20 मई निर्धारित की गई है।
➤ बीपीएल वर्ग की महिलाओं और किशोरियों को मिलेगा लाभ
➤ 10 से 45 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं कर सकेंगी आवेदन
➤ आंगनबाड़ी केंद्र और पोर्टल के जरिए मिलेगी सुविधा
हरियाणा सरकार ने महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर बड़ा कदम उठाया है। राज्य में अब महिला एवं किशोरी सम्मान योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर यानी बीपीएल वर्ग की महिलाओं और किशोरियों को निशुल्क सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध करवाए जाएंगे।
सरकार की इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करना, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को कम करना और उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध करवाना है। योजना के तहत 10 से 45 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं और किशोरियां लाभ ले सकेंगी।
जानकारी के अनुसार, योजना का लाभ लेने के लिए पात्र महिलाएं और किशोरियां निर्धारित पोर्टल पर 20 मई तक आवेदन कर सकती हैं। इसके अलावा नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्रों से भी योजना की जानकारी और आवेदन संबंधी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर है। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य केवल मुफ्त सेनेटरी नैपकिन देना ही नहीं, बल्कि महिलाओं में मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।
उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार और उन्हें सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी। सरकार चाहती है कि समाज में पीरियड्स को लेकर खुलकर बातचीत हो और महिलाएं बिना झिझक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि योजना का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। इसके लिए आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सक्रिय किया गया है, ताकि पात्र महिलाओं तक जानकारी समय पर पहुंच सके।
सरकार का मानना है कि इस योजना से महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य स्तर में सुधार आएगा और समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। खासकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की लड़कियों को इसका बड़ा फायदा मिलेगा।
Akhil Mahajan